Offcanvas

Please select a template!

लिवप्योर ने नई दिल्ली में खोला एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट, स्मार्ट होम सॉल्यूशंस की पहुंच और मजबूत

नई दिल्ली। उपभोक्ताओं के बेहतर स्वास्थ्य और जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट होम सॉल्यूशंस उपलब्ध कराने वाली कंपनी लिवप्योर ने राष्ट्रीय राजधानी में अपना नया एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट लॉन्च किया है। इस नए स्टोर के माध्यम से ग्राहकों को पानी, हवा और किचन से जुड़े वेलनेस-केंद्रित उत्पादों की पूरी रेंज तक सीधी पहुंच मिलेगी और उन्हें खरीदारी का बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। कंपनी के अनुसार, यह नया एक्सपीरियंस आधारित ब्रांड आउटलेट ग्राहकों को उत्पादों को करीब से देखने, समझने और सही जानकारी के साथ खरीदारी का निर्णय लेने का अवसर प्रदान करेगा। इस पहल के जरिए लिवप्योर उन संभावनाशील बाजारों में अपनी मौजूदगी और मजबूत कर रहा है, जहां अनुभव आधारित रिटेल और उपभोक्ताओं का भरोसा खरीदारी के फैसलों को प्रभावित कर रहा है। दिल्ली में खुले इस नए एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट से कंपनी की प्रमुख मेट्रो शहरों में विस्तार की रणनीति को भी मजबूती मिलेगी। राजधानी अब प्रीमियम होम अपग्रेड, तकनीक आधारित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनती जा रही है। वर्ष 2026 में कई एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट्स की सफल शुरुआत के बाद यह स्टोर लिवप्योर की रिटेल ग्रोथ में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर लिवप्योर के प्रबंध निदेशक राकेश कौल ने कहा कि दिल्ली में एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट की शुरुआत भारत के तेजी से बढ़ते शहरी बाजारों में कंपनी की मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राजधानी के उपभोक्ता तकनीक, स्वास्थ्य और सोच-समझकर किए गए निर्णयों को महत्व देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आउटलेट को इस तरह तैयार किया गया है कि ग्राहक पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो को समझ सकें और अपनी जरूरत के अनुसार सही विकल्प चुन सकें। नई दिल्ली के इस आउटलेट में लिवप्योर के कई आधुनिक और तकनीक आधारित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। यहां ग्राहक एआई और आईओटी आधारित समाधानों का अनुभव भी कर सकते हैं। इनमें कंपनी की ‘2X फिल्टर लाइफ’ वॉटर प्यूरीफायर रेंज, मेंटेनेंस-फ्री वॉटर प्यूरीफायर सीरीज़, वॉयस-इनेबल्ड किचन चिमनियां और ऊर्जा बचाने वाले स्मार्ट उपकरण शामिल हैं। आउटलेट में आने वाले ग्राहक उत्पादों का लाइव डेमो देख सकते हैं, उनके प्रदर्शन को समझ सकते हैं और प्रशिक्षित विशेषज्ञों से व्यक्तिगत सलाह भी ले सकते हैं। कंपनी का मानना है कि भारत जैसे विविध बाजारों में ग्राहकों का भरोसा जीतने में फिजिकल रिटेल की भूमिका आज भी बेहद महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए लिवप्योर देशभर में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने की योजना बना रहा है। कंपनी का लक्ष्य अगले वित्त वर्ष के दौरान प्रमुख बाजारों में 100 एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट खोलने का है, ताकि अपने वेलनेस-केंद्रित उत्पादों को अधिक से अधिक भारतीय घरों तक पहुंचाया जा सके।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शकरपुर वार्ड का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली। स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने शाहदरा (दक्षिणी) जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा के साथ शुक्रवार को शकरपुर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपायुक्त पुंशीबा सिंह सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना और आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। निरीक्षण के दौरान शकरपुर मार्केट के प्रवेश द्वार के पास नालियों की जाम और जर्जर स्थिति पाई गई। इससे बरसात के समय नालियों के ओवरफ्लो होने और गंदा पानी फैलने से बदबू की समस्या उत्पन्न होती है। इस पर सत्या शर्मा ने पीडब्ल्यूडी को पुनः पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में डीडीए की भूमि पर स्थित सीड बेड पार्क क्षेत्र का भी जायजा लिया गया, जहां अवैध रूप से संचालित मछली बाजार पाया गया। वहां अत्यंत अस्वच्छ स्थिति में मछलियां और मुर्गे रखे गए थे, जिससे आसपास के वातावरण में बदबू फैल रही थी और स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका बनी हुई थी। यह स्थान मूल रूप से फलों की बिक्री के लिए निर्धारित था, लेकिन वहां अतिक्रमण कर अवैध रूप से मछली बाजार संचालित किया जा रहा था। इस पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे स्पष्ट अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन बताया। उन्होंने क्षेत्रीय उपायुक्त को तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध मछली बाजार को बंद कराने और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के अनुसार ही किया जाना चाहिए। सत्या शर्मा ने मार्केट क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी के अतिक्रमण से उत्पन्न जाम की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लाइसेंसिंग विभाग को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने तथा बाजार में सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही हटाया गया। इसके अलावा गोयल ईटिंग प्वाइंट और हनुमान मंदिर के पास नालियों की खराब स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और उनके पुनर्निर्माण के निर्देश दिए गए। वहीं शकरपुर मार्केट स्थित संजय पार्क जन रसोई परिसर में प्रस्तावित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान शकरपुर रेड लाइट के पास निर्माण एवं विध्वंस का मलबा पाए जाने पर अधिकारियों को उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीड बेड पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मछली बाजार की खराब स्वच्छता स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बंद कराने को कहा गया।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने केजरीवाल समेत ‘आप’ नेताओं के आरोपमुक्त होने पर सदन में रखा बधाई प्रस्ताव

अदालत से केजरीवाल समेत ‘‘आप’’ नेताओं को आरोप मुक्त होना जाना सत्य-न्याय की जीत: अंकुश नारंग नई दिल्ली। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने शुक्रवार को एमसीडी मुख्यालय स्थित सिविक सेंटर में आयोजित सदन की बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं के अदालत से आरोपमुक्त होने पर बधाई प्रस्ताव रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा देश के लोकप्रिय जननेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आरोपों से मुक्त किया जाना सत्य और न्याय की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता के लालच में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह सहित आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची थी, लेकिन अंततः यह प्रयास विफल साबित हुआ। उन्होंने कहा कि हर कठिन समय में सच और ईमानदार राजनीति का साथ देने वाली दिल्ली की जागरूक जनता भी बधाई की पात्र है। यह जीत सत्य, लोकतंत्र और जनता के विश्वास की जीत है। सदन की बैठक के दौरान अंकुश नारंग ने कहा कि जब एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब भाजपा के विपक्षी सदस्य अक्सर काली पट्टियां दिखाकर सदन में शोर-शराबा करते थे। उस समय तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह कथित शराब घोटाले के मुद्दे पर काली पट्टी लेकर विरोध जताते थे। इसी संदर्भ में आज उन्होंने सदन में बधाई प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से इस सदन के माध्यम से यह प्रस्ताव रखा जा रहा है कि देश के प्रसिद्ध जननेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को माननीय न्यायालय द्वारा बरी किए जाने के आदेश का सभी सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हमेशा कानून और संविधान की मर्यादा का सम्मान किया है और यह फैसला देश के लिए महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक है। अंकुश नारंग ने कहा कि सत्ता के लालच में भाजपा ने पिछले दो वर्षों तक आम आदमी पार्टी को परेशान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं में मनीष सिसोदिया को 17 महीने, संजय सिंह को छह महीने और अरविंद केजरीवाल को करीब पांच महीने जेल में रहना पड़ा। अंततः न्यायालय ने यह तय कर दिया कि यह मामला ही नहीं बनता और सभी नेताओं को बरी कर दिया गया। इसी कारण आम आदमी पार्टी की ओर से सदन में बधाई प्रस्ताव लाया गया है। दलित महिला पार्षद के साथ उत्पीड़न का आरोप अंकुश नारंग ने सदन में दिल्ली में एक दलित महिला पार्षद के साथ उत्पीड़न का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की दलित महिला पार्षद ज्योति गौतम के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ज्योति गौतम रात करीब 1:30 बजे सड़क का निरीक्षण कर रही थीं, तब उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह गिर गईं और उनके कपड़े फट गए। इस घटना में उन्हें चोटें आईं और उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। उनके एक सहयोगी को भी चोटें आईं। नारंग ने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद पुलिस और प्रशासन द्वारा कोई जांच नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा के एक विधायक का नाम सामने आ रहा है, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सदन में मेयर से पार्षद ज्योति गौतम को बोलने का अवसर देने की मांग की गई, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया। इसी कारण आम आदमी पार्टी के पार्षदों को वेल में जाकर विरोध दर्ज कराना पड़ा। अंकुश नारंग ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के आरोपमुक्त होने पर उन्होंने सदन में बधाई प्रस्ताव पढ़ा है और इसमें हंगामा करने जैसी कोई बात नहीं थी। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा के सदस्य सदन में काली पट्टियां लेकर हंगामा करते थे और कार्यवाही बाधित करते थे। अब जब अदालत का फैसला आ गया है, तो यह स्पष्ट हो गया है कि उस समय लगाए गए आरोप निराधार थे और सदन का बहुमूल्य समय व्यर्थ किया गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चाहती है कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले और जनता के मुद्दों पर चर्चा हो।