हाम्रो दशैं सांस्कृतिक महोत्सव’ में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
राकेश कुमार देहरादून, 17 अक्टूबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गोर्खाली सुधार सभा द्वारा मानेकशा सभागार में आयोजित ‘हाम्रो दशैं सांस्कृतिक महोत्सव-2026’ में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने वीर नारियों, वीर माताओं, पूर्व सैनिकों तथा नेपाल में आई आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में योगदान देने वाले लोगों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी को दशहरे और दीपावली की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोर्खाली सुधार सभा कई वर्षों से समाजहित और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गोर्खाली समाज का भारतीय सेना में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इस समाज के वीर जवानों ने देश की रक्षा में अपनी अहम भूमिका निभाई है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति कहता है कि उसे मौत से डर नहीं लगता, तो वह झूठ बोल रहा है या फिर गोरखा है। उन्होंने कहा कि यह कथन गोर्खाली सैनिकों के अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति समर्पण को दर्शाता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से होती है। गोर्खाली सुधार सभा अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गोर्खाली समाज ने उन्हें सदैव प्रेम और स्नेह दिया है, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं। नेपाल आपदा राहत के लिए अपने एक माह का वेतन देने पर गोर्खाली सुधार सभा ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को धन्यवाद एवं सम्मान पत्र भेंट कर आभार जताया। कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, सभा के अध्यक्ष पदम थापा, प्रभा शाह सहित गोर्खाली सुधार सभा के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंकिता भंडारी को न्याय से लेकर उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों तक, कांग्रेस का संघर्ष तेज, 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा का घेराव: सुजाता पॉल
कुलदीप कुमार देहरादून: देहरादून के एक निजी होटल में आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय, कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच, प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती घोटालों, पलायन और उत्तराखंड के संसाधनों की कथित लूट जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की जनता के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और प्रदेश के संसाधनों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग, वीआईपी की भूमिका पर जवाब दे सरकार उन्होंने ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक बेटी को न्याय दिलाने का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, महिलाओं की सुरक्षा और सत्ता की जवाबदेही का सवाल है। परिवार द्वारा उठाए जा रहे कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब अब तक नही मिला है। उन्होंने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता प्रकरण से जुड़े सवालों के बीच इस नियुक्ति ने उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक प्रभाव या पद के कारण जांच से परे रखने के कारण ये कदम उठाया गया है और कांग्रेस पार्टी के साथ समस्त उत्तराखंड की जनता का विरोध करती है। यहां तक कि अब सिक्किम में भी दुष्यंत गौतम के गवर्नर पद पर नियुक्ति का विरोध हो रहा है। भाजपा सरकार इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की न्याय की लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश को नाकाम करेगी कांग्रेस और जब अंकिता के माता-पिता दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर पहुंचे तो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मैं कहां पहुंच कर उनसे मुलाकात की और कांग्रेस पहले से इस लड़ाई को लड़ रही है और इस लड़ाई को लड़ती रहेगी जब तक न्याय नहीं मिलता।उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष उपवास सहित लगातार विरोध कार्यक्रमों, वरिष्ठ नेताओं के प्रदर्शनों, ज्ञापन सौंपने और विभिन्न जिलों में कैंडल मार्च के माध्यम से जनता की आवाज उठाई जा रही है। 14 अक्टूबर को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा अंकिता के माता-पिता के समर्थन में पहुंचना तथा राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रपति को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग करना इस संघर्ष को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और सरकार को साफ संदेश है की पूरी कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़ी है। 15 अक्टूबर को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी मांगें दोहराईं। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ टकराव और धक्का-मुक्की के बीच कांग्रेसजन ज्ञापन सौंपने में सफल रहे। 16 अक्टूबर को निकाली गई विशाल बाइक रैली के माध्यम से भी न्याय की मांग बुलंद की गई। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने और परिवार के सवालों का संतोषजनक उत्तर मिलने तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उत्तराखंड के सम्मान और अस्मिता से समझौता नहीं कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों ने उत्तराखंड की जनता की भावनाओं और सम्मान को लगातार नजरअंदाज किया है। उत्तराखंड राज्य का निर्माण जनता के संघर्ष और बलिदान से हुआ था, लेकिन आज प्रदेश के नागरिक भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और संसाधनों की लूट से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के साथ-साथ प्रदेश के व्यापक जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस सेवादल द्वारा दिल्ली में 17 अक्टूबर को निकाले गए कैंडल मार्च तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित विरोध कार्यक्रम इसी संघर्ष का हिस्सा हैं। भ्रष्टाचार, भूमि और खनन माफिया पर सरकार जवाब दे कुमारी शैलजा ने प्रदेश में सड़कों के निर्माण, सरकारी ठेकों और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमि संबंधी बड़े सौदों में प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और खनन माफिया को संरक्षण मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जमीन, प्राकृतिक संसाधन और सार्वजनिक धन जनता की संपत्ति हैं। इनका इस्तेमाल प्रदेश के विकास के लिए होना चाहिए, न कि चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए। कांग्रेस ने मांग की कि संदिग्ध भूमि सौदों, सरकारी ठेकों और खनन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। बेरोजगारी, पेपर लीक और पलायन पर युवाओं को जवाब चाहिए कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य और भरोसे को चोट पहुंचाई है। दूसरी ओर, पहाड़ के अनेक गांव पलायन के कारण खाली होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और आजीविका के अवसरों की कमी के कारण लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार को रोजगार सृजन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और पलायन रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज को हर स्तर पर उठाया जा रहा है और प्रदेश सरकार को उनके सवालों का जवाब देना होगा। बद्रीनाथ के चढ़ावे के मामले में निष्पक्ष जांच हो कुमारी शैलजा ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करती है और चुनावों में वोटों के लिए ध्रुवीकरण का सहारा लेती है और भाजपा ही धार्मिक संस्थानों से जुड़े चंदे पर डाका डालती है। चढ़ावे की चोरी की सत्यता छुपाई जा रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारी तय की जाए और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन का हिसाब सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और वित्तीय अनियमितताओं पर पर्दा डालने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। महिला एवं बाल
खेत बचाओ अभियान’ के तहत उत्तराखंड में होंगे 2,375 कार्यक्रम, 1.20 लाख किसानों की सहभागिता का लक्ष्य: गणेश जोशी
ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अधिक मुआवजा देने और फसल बीमा क्लेम शीघ्र वितरित करने का केंद्रीय कृषि मंत्री से किया अनुरोध कुलदीप कुमार देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी आज सर्किट हाउस, देहरादून से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में रबी अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ की समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया।बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड में अभियान के तहत संचालित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष रखा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के सभी 95 विकासखंडों में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में 25 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस प्रकार प्रदेशभर में कुल 2,375 कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1.20 लाख किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के अंतर्गत किसानों को मसूर के 11,000 मिनी किट भी वितरित किए जाएंगे। बैठक के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि प्रदेश में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से लगभग 17,000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के लिए एसडीआरएफ के अंतर्गत निर्धारित मानकों से अधिक क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई में मदद मिल सके। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ-2026 और रबी-2025-26 में प्रभावित किसानों को बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का भी केंद्रीय कृषि मंत्री से अनुरोध किया। इसके लिए संबंधित पोर्टल पर आवश्यक डेटा जल्द अपलोड कराने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि किसानों को समय पर बीमा राशि का लाभ मिल सके। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आग्रह करते हुए कहा कि घेरबाड़ योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा पहले से अवमुक्त 25 करोड़ रुपये के अतिरिक्त शेष धनराशि भी तत्काल जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में घेरबाड़ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड के किसानों के हित में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। बैठक में महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, अपर निदेशक डॉ. सुरेश राम, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यूएचबी, नरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुधार कार्यों की पड़ताल करने मैदान में उतरे सचिव
18 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश जिले के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षणकार्यों में तेजी लाने के निर्देश राकेश कुमार देहरादून, 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने तथा सड़क सुधार कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखण्ड शासन पंकज कुमार पांडेय आज तड़के सुबह 6 बजे से देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों के स्थलीय निरीक्षण पर निकले। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया तथा सड़क सुधार एवं गड्ढा भरान कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। सचिव लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर 2026 तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे कालीदास रोड टर्न से हुई। इसके बाद सचिव ने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड एवं गढ़ी कैंट सहित देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों एवं स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए सड़क सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन किया। प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जा सके। लोक निर्माण विभाग प्रदेश की सड़कों को निर्धारित समयसीमा में गड्ढामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सड़क सुधार कार्यों की निगरानी और कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार, मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता अरुण पांडेय,अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी सहित अभियंता प्रवीण कुश,दीपक, सुरेश तोमर,विपुल सैमी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला नियोजन समिति का सदस्य निर्वाचित होने पर पार्षद भूपेन्द्र कठैत एवं नन्दनी शर्मा को बधाई देते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
कुलदीप कुमार देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर निगम पार्षद भूपेन्द्र कठैत एवं नन्दनी शर्मा को जिला नियोजन समिति का सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। मंत्री जोशी ने कहा कि जिला नियोजन समिति के माध्यम से जिले के विकास कार्यों की योजना बनाने और उन्हें प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में दोनों नवनिर्वाचित सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कठैत एवं शर्मा अपने अनुभव और जनसेवा के संकल्प से क्षेत्र के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने जिला नियोजन समिति के अन्य निर्वाचित सदस्यों के लिए भी शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर पार्षद योगेश एवं पूर्व पार्षद संजय नौटियाल भी उपस्थित रहे।
विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता: कुमारी शैलजा
कुलदीप कुमार देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेकर उन्हें चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आहूत बैठक में कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस के सभी आनुषंगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को उठाना होगा। प्रत्येक संगठन को अपनी भूमिका और जिम्मेदारी तय करते हुए गांव, शहर, वार्ड और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाना चाहिए।उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाना पूरे प्रदेश की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जनता के बीच जाएं तथा शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर आवाज बुलंद करें।कुमारी शैलजा ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए।उन्होंने राज्य की जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को भी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और प्रदेश के संसाधनों की रक्षा उत्तराखंड के भविष्य से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता को इन विषयों पर जागरूक करते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग करें।बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं की पहचान कर जनसंपर्क अभियान, जनसभाएं, सम्मेलन, पदयात्राएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित करें। सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी पार्टी की आवाज को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए।कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सफलता के लिए आवश्यक है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतरे। संगठन के सभी घटक आपसी समन्वय के साथ काम करें, जनता के बीच निरंतर उपस्थिति बनाए रखें और भाजपा सरकार से जुड़े जनहित के सवालों पर जवाबदेही तय करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी आदि नेता मौजूद रहे।
सर सय्यद पब्लिक स्कूल ने 25वां स्थापना दिवस मनाया धूम-धाम से
मुख्य अतिथी सूर्यकांत धस्माना ने वितरित किये मेधावी बच्चों को पुरस्कारशिक्षा से बड़ा कोई हथियार नहीं- सूर्यकांत धस्माना कुलदीप कुमार देहरादून: सरस्वति के भंडार की बढ़ी अपूरब बात ज्यों ज्यों खरचे त्यों बड़े बिन खरचे घट जात यह कहावत हमेशा सत्य थी आज भी सत्य है और हमेशा सत्य रहेगी यह बात आज मित्र लोक कालौनी के सर सय्यद पब्लिक स्कूल के 25 वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथी सूर्यकांत धस्माना ने कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा मनुष्य का सबसे बड़ा शस्त्र है विद्वान और शिक्षित व्यक्ति हर जगह पूज्यनीय होता है।श्री धस्माना ने सर सय्यद पब्लिक स्कूल की संचालिका श्रीमती रियासत हसन को मुबारकबाद देते हुए कहा कि जिस तरह विषम परिस्थितयों व अभाव में एक बेहतरीन शिक्षण संस्थान चला रही हैं और वंचित व आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा दे रहीं हैं वो सराहनीय है।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथी प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता श्रीमती मंजू त्रिपाठी ने कहा कि आज के युग में जब लोगों ने शिक्षा को व्यापार बना दिया सर सय्यद पब्लिक स्कूल एक मिशन के रूप में संचालित किया जा रहा है ।इस अवसर पर स्कूल के मेधावी छात्र छात्राओं को मुख्य अतिथी सूर्यकांत धस्माना ने प्रशस्ति पत्र दिये व मैडल पहनाये।इस अवसर पर बच्चो के अभिभावक व श्री प्रमोद गुप्ता सरदार जे एस चुग आदि बड़ी संख्या में छेत्र वासी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने किया दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ
सतत विकास की योजनाओं में स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक कुलदीप कुमार देहरादून, 15 अक्टूबर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज दून विश्वविद्यालय में “बदलती जलवायु में हिमालयः आपदाएं, सतत विकास एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका” विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी क्षेत्र में उत्पन्न हो रही चुनौतियों के समाधान, आपदाओं के प्रभावी आकलन और जोखिमों को कम करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। इसके लिए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करने के साथ ही सतत विकास की योजनाओं में स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।मुख्य सचिव ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता और यहां की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाओं के आकलन, उनके संभावित प्रभावों का पूर्वानुमान लगाने तथा प्रभावी योजना निर्माण में नवीन तकनीकों का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित समाधान स्थानीय आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुरूप होने चाहिए, ताकि उनका लाभ आमजन तक पहुंच सके। संगोष्ठी में दक्षिण कैरोलिना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं आईएआईआरओ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा संस्थापक निदेशक प्रो. अमित शेठ ने एआई की उभरती तकनीक ‘स्मॉल एआई’ की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कम संसाधनों में सुलभ एवं प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित कर भारत की विशिष्ट विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है। हिमालयी क्षेत्र में एक के बाद एक उत्पन्न होने वाली आपदाओं की चुनौतियों से निपटने में भी इन तकनीकों का उपयोग महत्वपूर्ण हो सकता है। अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) के संयुक्त सचिव डॉ. निशांत वर्मा ने दून विश्वविद्यालय में विकसित हो रहे शोध एवं अनुसंधान के वातावरण की सराहना की। उन्होंने देश में अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शोध के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने में एएनआरएफ की भूमिका पर प्रकाश डाला। दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों एवं शोधार्थियों के प्रयासों से अनुसंधान गतिविधियों को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी क्षेत्र में उत्पन्न हो रहे खतरों, आपदा आकलन एवं जोखिम न्यूनीकरण, सतत विकास की संभावनाओं तथा शोध, नियोजन एवं निर्णय प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। संगोष्ठी में दिल्ली विश्वविद्यालय, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की सहित देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं दून विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। संगोष्ठी के संयोजक एवं भूविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
देर रात तक चली मैराथन बैठक में दिखे एसएसपी दून के कड़े तेवर
त्योहारी सीजन व आगामी वीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत अधीनस्थ अधिकारियों को दिये कडे निर्देश कुलदीप कुमार देहरादून -वर्तमान में चल रहे नवरात्रों, आगामी त्यौहारों तथा शहीद दिवस व राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली रैतिक परेड में प्रस्तावित वीआईपी/वीवीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृढ बनाये रखने हेतु आज दिनांक 14-10-2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, अग्निशमन अधिकारियों व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा उपस्थित अधिकारियों के साथ आगामी त्यौहारी सीजन व वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्हें निम्न दिशा निर्देश दिये गये। 1- आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पूर्व में चिन्हित किये गये चैकिंग प्वाइंटो पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को नियुक्त करते हुए प्रभावी चैकिंग करना सुनिश्चित करें। साथ ही थाना क्षेत्रान्तर्गत भीड़ भाड़ वाले स्थानों व मुख्य बाजारों में पुलिस की विजिबिलिटी को बढाते हुए संदिग्धों व अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि हेतु सादे वस्त्रों में पुलिस बल को नियुक्त किया जाये। यदि किसी थाना क्षेत्र में पुलिस चैकिंग की लापरवाही अथवा शिथिलता के कारण कोई घटना घटित होती है तो सम्बन्धित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उसके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी। 2- त्यौहारी सीजन के दौरान लोगों का आवागमन बढने तथा उससे यातायात व्यवस्था में पडने वाले अतिरिक्त दबाव के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में यातायात के सुचारू संचालन हेतु थाने से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी पीक आवर्स के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्ततम मार्गों/चौराहों पर स्वंय मौजूद रहकर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे। यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा व सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। 3- सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मुख्य बाजारों व भीड-भाड वाले स्थानों, मुख्य चौराहों व यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों में सडक किनारे व फुटपाथों पर किये गये अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सभी थाना क्षेत्रों में मुख्य बाजारों तथा भीड-भाड वाले स्थानों को संवेदनशीलता की दृष्टि से चिन्हित करते हुए उक्त स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध करना सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारी इस बात को सुनिश्चित कर लें कि मुख्य बाजारों में दुकानों के बाहर अथवा फुटपाथों पर किसी भी दशा में कोई अस्थाई अतिक्रमण न हो, जिससे किसी आकस्मिक स्थिती में आपात सेवा के वाहनों का मुख्य बाजारों तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। 4- आगामी धनतेरस व दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने अपने थाना क्षेत्रों में स्थित ज्वैलरी शॉप्स, बैंक, एटीएम, फाइनेंस कार्यालय व सर्राफा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना सुनिश्चित करे। समस्त ज्वैलरी / सर्राफा दुकानों, बैंकों, एटीएम बूथों व गोल्ड लोन / फाइनेंस कार्यालयों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम व सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था को चैक किया जाये तथा बिना सुरक्षा गार्ड व बिना सीसीटीवी के संचालित एटीएम बूथों/प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर सम्बन्धित प्रबंधकों को नोटिस दिया जाये। उक्त सभी कार्रवाई का विवरण थाने में एक रजिस्टर बनाकर उसमें अंकित किया जाए, तथा सभी क्षेत्राधिकारी नियमित रूप से उक्त रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यवाही का जायजा लेना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सर्राफा बाजार, पलटन बाजार व अन्य भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सादे व वर्दी में पुलिस गश्त बढ़ाई जाये। 5- आगामी राजकीय पर्वो व राज्य स्थापना दिवस के दौरान विशिष्ट तथा अति विशिष्ट महानुभावों के जनपद में आगमन के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश हेतु प्रभावी चैकिंग/सत्यापन अभियान चलाना सुनिश्चित करें। सुरक्षा की मध्यनजर सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाये तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें प्रचारित/प्रसारित कर शान्ति एवं कानून व्यवस्था को बिगाडने का प्रयास करने वालों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। 6- विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की समीक्षा के दौरान लम्बित घटनाओं के अनावरण हेतु की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित थाना प्रभारियो को उनके त्वरित अनावरण के निर्देश दिये गये। साथ ही आपराधिक घटनाओ पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सवेंदनशील/भीड भाड वाले स्थानों पर पुलिस गश्त को बढाने व पूर्व में आपराधिक घटनाओ में प्रकाश में आये/जमानत पर चल रहे अभियुक्तों पर सतर्क निगरानी रखते हुए नियमित रूप से उनके भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिये गये। 7- सीसीटीएनएस के अन्तर्गत विभिन्न पोर्टलों में की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए पोर्टलों में सूचनाओं को समय से अध्यावधिक न करने पर सम्बन्धित थाना प्रभारियों को कडी फटकार लगाते हुए सभी सूचनाओं को नियमित रूप से पोर्टल पर अध्यवधिक करने तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिये गये। 8- साइबर शिकायतों के निस्तारण, ई जीरो एफआईआर/नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की समीक्षा के दौरान साइबर सम्बन्धी शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षानुरूप कार्यवाही न करने पर सभी थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी देते हुए उनके शीघ्र विधिक निस्तारण के निर्देश दिये गये। साथ ही उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई कि साइबर सम्बन्धित मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तथा कोताही बरतने वालों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
एसएसपी दून के निर्देशों पर नियमों के उल्लंघन पर सख्त: दून पुलिस
अव्यवस्थित पार्किंग तथा अस्थाई अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालो पर चला दून पुलिस का डंडा कुलदीप कुमार देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन व मुख्य मार्गो से यातायात के दबाव को कम करने के लिए मुख्य मार्गो, बाज़ारो, चौराहों आदि जगहों पर अस्थाई अतिक्रमण करने वालो के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। उक्त निर्देशों के क्रम में आज दिनाँक 15/10/2026 को कोतवाली नगर पुलिस द्वारा डिस्पेंसरी रोड, तहसील चौक, पलटन बाजार क्षेत्र में अभियान चलाकर नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने व फुटपाथों/दुकानों के बाहर सामान लगाकर लोगो के आवागमन/यातायात व्यवस्था को बाधित करने वालो के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से व नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर 50 वाहन चालको के विरुद्ध एमवी एक्ट के अन्तर्गत चालानी कार्रवाई की गई, इसके अतिरिक्त सड़क किनारे/सार्वजनिक मार्गों/दुकानों के बाहर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने व लोगो का आवागमन बाधित करने वाले 10 दुकानदारों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कुल ₹ 1,00,000/- (एक लाख रुपये) का जुर्माना किया गया। यातायात व्यवस्था बाधित करने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निरन्तर जारी रहेगी। दून पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करें।