नरेला जोन के दौरे पर स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश
नई दिल्ली। स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने नरेला जोन के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जोन वार्ड समिति की अध्यक्ष बबीता डबास, क्षेत्रीय उपायुक्त राघवेंद्र मीणा तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य विकास कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। दौरे के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों द्वारा किए जा रहे स्वच्छता कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि नियमित कूड़ा उठान, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई को इसी प्रकार जारी रखा जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बना रहे। निरीक्षण की शुरुआत कुतबगढ़ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर से हुई। यहां ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति और दवाइयों की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई, लेकिन वाशरूम की खराब स्थिति पर उन्होंने संबंधित स्वच्छता अधिकारी को फटकार लगाते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े परिसर में स्थित इस केंद्र को भविष्य में अस्पताल, मैटरनिटी होम या मातृ-शिशु केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा सकता है। इसके बाद मंगेशपुर स्थित निगम स्टोर का निरीक्षण किया गया, जो जर्जर अवस्था में पाया गया। अध्यक्ष ने इसे किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। वहीं स्टोर के पीछे स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को होने वाली परेशानी पर भी चर्चा हुई। इस पर क्षेत्रीय उपायुक्त ने बताया कि ग्रामीणों से अनुमति मिलने के बाद भूमि उपयोग परिवर्तन और हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। दौरे के क्रम में औचंदी स्थित निगम प्राथमिक विद्यालय भवन का निरीक्षण किया गया, जो परित्यक्त हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस पर अध्यक्ष ने मरम्मत के बजाय नया विद्यालय भवन बनाने का निर्देश दिया और क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक को एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार कर क्षेत्रीय उपायुक्त को भेजने को कहा। बाजितपुर डबास गांव में स्थित ढलावघर भी जर्जर अवस्था में पाया गया। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि यहां कम्पैक्टर स्टेशन बनाकर जल्द ही इसे चालू कराया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में चल रहे सड़क और नाली निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने होशियार सिंह आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में दवाइयों की कमी की शिकायत भी की, जिस पर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके बाद अध्यक्ष सलाहपुर माजरा स्थित जर्जर स्कूल भवन पहुंचीं। उन्होंने भवन को हटाकर वहां ओल्ड एज होम, लाइब्रेरी या अन्य सामुदायिक सुविधाएं विकसित करने के लिए योजना तैयार करने को कहा। साथ ही पूरे परिसर की सफाई कराने और भूमि उपयोग से जुड़ी प्रक्रिया की जांच करने के निर्देश दिए। दौरे के अंतिम चरण में माजरा डबास स्थित मल्टीपरपज सोसायटी भवन का निरीक्षण किया गया, जो कई वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है। अध्यक्ष ने इसे हटाकर वहां आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी बनाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि भूमि रिकॉर्ड की जांच के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर सत्या शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करना निगम की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करनी होगी, ताकि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें। वहीं जोन चेयरमैन बबीता डबास ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय समस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।