Offcanvas

Please select a template!

चांदनी चौक में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा का औचक निरीक्षण, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने दंगल मैदान पार्किंग और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित क्लब पार्किंग का जायजा लिया।

नई दिल्ली। सत्या शर्मा ने सदर पहाड़गंज जोन के चांदनी चौक क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ स्थानीय पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उपायुक्त कनिका और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने दंगल मैदान पार्किंग और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित क्लब पार्किंग का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि पार्किंग स्थलों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के विपरीत ट्रांसपोर्टरों द्वारा अवैध रूप से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए किया जा रहा है।

इसके अलावा क्लब पार्किंग क्षेत्र में अवैध झुग्गियों का निर्माण और सड़क किनारे अतिक्रमण कर अवैध शराब बिक्री भी सामने आई। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सत्या शर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अध्यक्ष ने क्षेत्रीय उपायुक्त को निर्देश दिया कि पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास के सभी अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएं। साथ ही, लाहौरी गेट थाना प्रभारी को मौके पर बुलाकर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त (आर.पी. सेल) को निर्देश दिया गया कि क्लब पार्किंग और दंगल मैदान पार्किंग के टेंडर तत्काल निरस्त किए जाएं और संबंधित एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।

निरीक्षण में यह भी पाया गया कि एमसीडी के कुछ पुराने भवन जर्जर अवस्था में हैं और मानव उपयोग के लिए असुरक्षित हो चुके हैं। इस पर अध्यक्ष ने ऐसे भवनों का विस्तृत निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई और भूमि के बेहतर उपयोग के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर सत्या शर्मा ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान किया जा सके।

वहीं, पार्षद सुमन कुमार गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही थी। निगम की इस कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *