
औरंगाबाद पुलिस की अनोखी पहल, जामा मस्जिद के पास मुस्लिम समुदाय को गुलाब देकर दिया भाईचारे का संदेश
औरंगाबाद : शनिवार को दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर औरंगाबाद पुलिस-प्रशासन ने स्थानीय जामा मस्जिद के पास आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की एक अनोखी मिसाल पेश की। शहर के जामा मस्जिद के समीप नगर थाना अध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को गुलाब का फूल देकर भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।
इस अवसर पर सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार,नगर थाना के सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आजाद खान एवं सदर अंचल अधिकारी रामानुज कुमार सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से गले मिलकर एक-दूसरे को दुर्गा पूजा की मुबारकबाद दी।
औरंगाबाद पुलिस ने त्योहारों के दौरान सभी वर्गों से मिलकर रहने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और अफवाहों से बचने की अपील की, साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों को सुरक्षा का पूरा भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर जामा मस्जिद के मौजिम मो.फारूक,वार्ड पार्षद सिकंदर हयात,पैगाम-ए-इंसानियत के अध्यक्ष मो. शाहनवाज रहमान उर्फ सल्लू खान,मो.औरंगजेब, मो.इबरार, मो.इमरोज,मो.अनवर,मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद नूर आलम,मो.जलालुद्दीन, छोटे खान,मो.मुन्ना,मो.नौशाद राजा, फिरोज अख्तर,जियाउद्दीन खान, मोहम्मद इमरान,मो.कामरान, निजामुद्दीन खान,नईमुद्दीन खान एवं अमीरुद्दीन खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।