
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने वार्ड संख्या–70 (शास्त्री नगर) क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय पार्षद मनोज कुमार जिंदल, सिटी-सदर पहाड़गंज जोन के उपायुक्त तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
निरीक्षण के क्रम में स्थायी समिति अध्यक्ष ने शास्त्री नगर स्थित ढलाव घर का दौरा किया। उन्होंने स्वच्छता अधीक्षक को निर्देशित किया कि ढलाव घर के भीतर और आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा वहां से किसी प्रकार की दुर्गंध न आए। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित होने के कारण इस स्थल की नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। साथ ही ढलाव घर की समय-समय पर पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखे।
इसके बाद सत्या शर्मा ने सहायक आयुक्त, सिटी-सदर पहाड़गंज जोन को बाजार क्षेत्र की सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र में तहबाज़ारी दुकानदारों द्वारा विभिन्न रंगों के तिरपाल के उपयोग पर चिंता जताई, जिससे बाजार का स्वरूप अव्यवस्थित दिखाई देता है। उन्होंने फुटपाथों के सौंदर्यीकरण पर बल देते हुए सुझाव दिया कि तहबाज़ारी दुकानदारों के लिए एकरूपता वाले शेड की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र साफ, व्यवस्थित और आकर्षक बने।
उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुराने, सूखे एवं सड़कों पर झुके पेड़ों की नियमित छंटाई कराई जाए। इससे यातायात बाधित नहीं होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी हेल्थ ऑफिसर को बाजार क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस संचालित नॉन-वेज दुकानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खुले में मांसाहारी खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों को तत्काल बंद कराने को कहा गया।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने एमसीडी के अधीन संचालित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्वच्छता, साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने शास्त्री बूथ पार्क का भी दौरा किया, जहां पार्क के नवीनीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय निवासी सुबह-शाम टहलने, व्यायाम और अन्य गतिविधियों के लिए पार्क का उपयोग कर सकें।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव स्थायी समिति अध्यक्ष के समक्ष रखे। सत्या शर्मा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने होंगे।