Offcanvas

Please select a template!

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शकरपुर वार्ड का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

नई दिल्ली। स्थायी समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने शाहदरा (दक्षिणी) जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा के साथ शुक्रवार को शकरपुर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उपायुक्त पुंशीबा सिंह सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करना और आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

निरीक्षण के दौरान शकरपुर मार्केट के प्रवेश द्वार के पास नालियों की जाम और जर्जर स्थिति पाई गई। इससे बरसात के समय नालियों के ओवरफ्लो होने और गंदा पानी फैलने से बदबू की समस्या उत्पन्न होती है। इस पर सत्या शर्मा ने पीडब्ल्यूडी को पुनः पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डीडीए की भूमि पर स्थित सीड बेड पार्क क्षेत्र का भी जायजा लिया गया, जहां अवैध रूप से संचालित मछली बाजार पाया गया। वहां अत्यंत अस्वच्छ स्थिति में मछलियां और मुर्गे रखे गए थे, जिससे आसपास के वातावरण में बदबू फैल रही थी और स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका बनी हुई थी। यह स्थान मूल रूप से फलों की बिक्री के लिए निर्धारित था, लेकिन वहां अतिक्रमण कर अवैध रूप से मछली बाजार संचालित किया जा रहा था।

इस पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे स्पष्ट अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन बताया। उन्होंने क्षेत्रीय उपायुक्त को तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध मछली बाजार को बंद कराने और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के अनुसार ही किया जाना चाहिए।

सत्या शर्मा ने मार्केट क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी के अतिक्रमण से उत्पन्न जाम की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लाइसेंसिंग विभाग को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने तथा बाजार में सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही हटाया गया।

इसके अलावा गोयल ईटिंग प्वाइंट और हनुमान मंदिर के पास नालियों की खराब स्थिति का भी निरीक्षण किया गया और उनके पुनर्निर्माण के निर्देश दिए गए। वहीं शकरपुर मार्केट स्थित संजय पार्क जन रसोई परिसर में प्रस्तावित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शकरपुर रेड लाइट के पास निर्माण एवं विध्वंस का मलबा पाए जाने पर अधिकारियों को उसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीड बेड पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मछली बाजार की खराब स्वच्छता स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल बंद कराने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *