
स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का किया का किया आभार व्यक्त
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को ₹11,266 करोड़ से अधिक का फंड देने के फैसले का स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस बजट को जनहित और विकास पर केंद्रित बताते हुए कहा कि यह राजधानी के समग्र विकास को नई दिशा देगा।
सत्या शर्मा ने कहा कि निगम को मिला यह वित्तीय सहयोग उसकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और लंबे समय से लंबित देनदारियों को कम करने में मददगार साबित होगा। इससे एमसीडी अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि इस फंड से स्वच्छता, सड़कों के रखरखाव, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार आएगा। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और नई योजनाओं को लागू करने में भी गति मिलेगी।
सत्या शर्मा ने बजट में सड़कों के निर्माण के लिए किए गए ₹1000 करोड़ के प्रावधान को भी सराहनीय बताया। उनके अनुसार, इससे सड़क व्यवस्था बेहतर होगी, यातायात सुगम बनेगा और धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि एमसीडी के सहयोग से 5 नई आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शहर में पार्किंग की समस्या को कम किया जा सकेगा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
उन्होंने बजट में 1000 स्मार्ट टॉयलेट बनाने की घोषणा को भी अहम कदम बताया। उनके अनुसार, इससे स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खुले में शौच जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
अंत में सत्या शर्मा ने कहा कि यह बजट दिल्ली के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता और विकास को मजबूत करने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से राजधानी को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।