औरंगाबाद। भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने अपने आवासीय कार्यालय ‘सिंह कोठी’ में देव प्रखंड के रियासत पवई निवासी सूरज कुमार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित डब्ल्यूआरपी फेडरेशन वर्ल्ड कप पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतने पर अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और बधाई दी।
पूर्व सांसद ने कहा कि सूरज कुमार ने अपनी शानदार उपलब्धि से देश और औरंगाबाद जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है।
9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 67.5 किलोग्राम भार वर्ग के अंतर्गत सूरज कुमार ने कुल 560 किलोग्राम वजन उठाकर फुल पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने बेंच प्रेस में 127.5 किलोग्राम, स्क्वाट में 205 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 227.5 किलोग्राम वजन उठाकर तीन अन्य स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस अवसर पर बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह, कोच सुबेस्टिन जॉन, पूर्व सांसद प्रतिनिधि अश्विनी सिंह, देव के पूर्व उप प्रमुख मनीष पाठक, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आदित्य शेखर, युवा भाजपा नेता प्रवीर सिंह, शुभेन्दु शेखर, रवि सिंह, महेंद्र भगत, भाजपा जिलामंत्री सुबोध सिंह, भाजपा नेता पप्पू सिंह, आलोक सिंह, दीपक सिंह, धीरज पांडेय, पूर्व मुखिया विनय मिश्रा, रविंद्र शर्मा, अशोक सिंह और जिला मीडिया प्रभारी मितेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने सूरज कुमार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।