तीन घंटे में देखिए पूरी रामलीला, जनकपुरी में होगा हाईटेक मंचन

एआई और आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल, 150 कलाकार निभाएंगे विभिन्न पात्रों की भूमिका

नई दिल्ली। नवरात्रों में रोजाना रामलीला देखने का समय नहीं निकाल पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनकपुरी रामलीला कमेटी विशेष आयोजन करने जा रही है। इस बार महज तीन घंटे में राम जन्म से लेकर रावण वध और श्रीराम के राज्याभिषेक तक की संपूर्ण रामलीला का मंचन किया जाएगा। 15 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक, एआई, अत्याधुनिक ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था और विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल होगा।

एक मंच पर दिखेंगे रामायण के प्रमुख प्रसंग

करीब 150 कलाकार राम जन्म, सीता स्वयंवर, वनवास, सीता हरण, हनुमान जी का लंका पहुंचना, लंका दहन, राम-रावण युद्ध, रावण वध और श्रीराम के राज्याभिषेक जैसे प्रमुख प्रसंग प्रस्तुत करेंगे।

29 वर्षों से रामलीला का मंचन कर रही कमेटी के अध्यक्ष अश्वनी खन्ना और महासचिव नरेंद्र चावला ने बताया कि व्यस्त दिनचर्या को ध्यान में रखकर यह पहल की गई है। उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और युवाओं व बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।

कमेटी ने दिल्लीवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर परंपरा और आधुनिक तकनीक के इस संगम का आनंद लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *