जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई

महिला किसान दिवस-2026 का जिला पदाधिकारी ने किया शुभारंभ

औरंगाबाद: गुरुवार को स्थानीय नगर भवन में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला एवं महिला किसान दिवस-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
दीप प्रज्वलित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में संचालित कृषि योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि के उपायों से अवगत कराना है।
इस अवसर पर जिलधिकारी द्वारा प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन महिला कृषकों को सम्मानित किया गया साथ ही जिले में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण हुई फसल क्षति के आलोक में कुल 4,011 कृषकों के बीच 1 करोड़ 92 लाख रुपए की कृषि इनपुट अनुदान राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। फसल क्षति के आकलन एवं अनुदान वितरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने उपस्थित सभी कृषकों,महिला कृषकों, कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, उत्पादन में वृद्धि तथा किसानों की आय में सुधार के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कृषि का विकास केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है,बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियां भी किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कृषि विभाग एवं इससे संबंधित विभिन्न शाखाओं द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाकर कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बेबी कॉर्न एवं स्वीट कॉर्न की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिले को प्राप्त लक्ष्य के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक फसलों की खेती को बढ़ावा देने से किसानों को कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के अतिरिक्त अवसर प्राप्त हो सकते हैं।कार्यक्रम में बिहार कृषि ऐप के संबंध में जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि औरंगाबाद जिले में अब तक लगभग 42,000 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकाधिक किसानों को इस ऐप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं आवश्यक सूचनाओं की जानकारी एक ही डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी,सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी,प्रखंड कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार,कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में कृषक एवं महिला कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *