
दाउदनगर (औरंगाबाद) दाउदनगर-पटना रोड स्थित राष्ट्रीय स्कूल खेल मैदान में मां काली नवयुवक संघ द्वारा निर्मित भव्य पूजा पंडाल में प्रतिदिन महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार की रात भी मां काली की भव्य महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूजा समिति की ओर से प्रत्येक दिन अलग-अलग अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे धार्मिक आयोजन की रौनक और बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि मां काली नवयुवक संघ द्वारा जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। यहां मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। पूजा समिति की ओर से पंडाल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आकर्षक सजावट की गई है।
एनएच-139 स्थित औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग से लेकर भखरुआं बाजार रोड पर नहर पुल के बगल से नहर रोड होते हुए पूजा स्थल तक भव्य सजावट की गई है। पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे शाम होते ही पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठता है।
मां काली के दर्शन, महाआरती और आकर्षक पंडाल को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।