
औरंगाबाद। सदर विधानसभा क्षेत्र के पवई गांव पहुंचकर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी सूरज कुमार से मुलाकात की। उन्होंने नेपाल की राजधानी काठमांडू में 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित डब्ल्यूआरपी फेडरेशन वर्ल्ड कप पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में सूरज कुमार ने 67.5 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 560 किलोग्राम वजन उठाकर फुल पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा बेंच प्रेस में 127.5 किलोग्राम, स्क्वाट में 205 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 227.5 किलोग्राम वजन उठाकर तीन अन्य स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
विधायक ने कहा कि सूरज कुमार की उपलब्धि पवई गांव के साथ पूरे औरंगाबाद जिले और बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
विधायक ने सूरज कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन करेंगे।
कैप्शन: पवई गांव में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियन सूरज कुमार को चार स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह।