सांसद के अथक प्रयास से एन एच 139 को मिली मंजुरी

औरंगाबाद: भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पटना औरंगाबाद-हरिहरगंज एन.एच को केन्द्र सरकार के द्वारा दिल्ली में हुई बैठक में स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी,बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग को हार्दिक आभार एवं धन्यवाद दिया। पूर्व सांसद ने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह जनसमस्याओं को लोकतांत्रिक माध्यमों से निरंतर उठाने के प्रयासों की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि मैं जब सांसद था उस समय लोकसभा में लगातार इस जनहितकारी योजना को पूर्ण करवाने के लिए जनता की आवाज को उठाया और क्षेत्र के विकास और जनहित के प्रति अपने संकल्प के अनुरूप इस सड़क परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया एवं जनहित का संकल्प निभाया।इस परियोजना से औरंगाबाद,अरवल एवं पटना सहित आसपास के क्षेत्रों की लाखों जनता को बेहतर सड़क संपर्क और सुगम आवागमन मिलेगा तथा विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और आम लोगों के आवागमन में सुविधा होगी। अपने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना मेरी प्राथमिकता रही है।जनहित,विकास और क्षेत्र की प्रगति के लिए आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करता रहूँगा ।इस परियोजना के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी एवं सचिव वी,उमाशंकर एवं संबंधित अधिकारियों से मिलकर डी.पी.आर,बाईपास इत्यादि सभी महत्वपूर्ण बातों से अवगत कराया।इस एन.एच की स्वीकृति मिलने पर भाजपा एवं एनडीए के नेता,बुद्धिजीवी,समाजसे वी लोकसभा क्षेत्र एवं जिलेवासियों एवं सामाजिक संस्थाओं ने हर्ष ब्यक्त किया है।

पावरलिफ्टिंग में चार स्वर्ण जीतने वाले सूरज कुमार को विधायक ने दी बधाई

औरंगाबाद। सदर विधानसभा क्षेत्र के पवई गांव पहुंचकर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी सूरज कुमार से मुलाकात की। उन्होंने नेपाल की राजधानी काठमांडू में 9 से 11 अक्टूबर तक आयोजित डब्ल्यूआरपी फेडरेशन वर्ल्ड कप पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।प्रतियोगिता में सूरज कुमार ने 67.5 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 560 किलोग्राम वजन उठाकर फुल पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा बेंच प्रेस में 127.5 किलोग्राम, स्क्वाट में 205 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 227.5 किलोग्राम वजन उठाकर तीन अन्य स्वर्ण पदक अपने नाम किए।विधायक ने कहा कि सूरज कुमार की उपलब्धि पवई गांव के साथ पूरे औरंगाबाद जिले और बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।विधायक ने सूरज कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन करेंगे।कैप्शन: पवई गांव में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियन सूरज कुमार को चार स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह।

मां काली के दरबार में प्रतिदिन हो रही महाआरती, उमड़ रहे श्रद्धालु

दाउदनगर (औरंगाबाद) दाउदनगर-पटना रोड स्थित राष्ट्रीय स्कूल खेल मैदान में मां काली नवयुवक संघ द्वारा निर्मित भव्य पूजा पंडाल में प्रतिदिन महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार की रात भी मां काली की भव्य महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए।आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूजा समिति की ओर से प्रत्येक दिन अलग-अलग अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे धार्मिक आयोजन की रौनक और बढ़ रही है।उल्लेखनीय है कि मां काली नवयुवक संघ द्वारा जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। यहां मां काली की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। पूजा समिति की ओर से पंडाल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी आकर्षक सजावट की गई है।एनएच-139 स्थित औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग से लेकर भखरुआं बाजार रोड पर नहर पुल के बगल से नहर रोड होते हुए पूजा स्थल तक भव्य सजावट की गई है। पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे शाम होते ही पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठता है।मां काली के दर्शन, महाआरती और आकर्षक पंडाल को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह द्वारा विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई

निर्माण कार्यों में प्रगति एवं भावी कार्ययोजना पर हुई चर्चा औरंगाबाद : गुरुवार को ग्रामीण कार्य विभाग,बिहार सरकार के सचिव अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा उपस्थित थी,साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग के सभी संबंधित कार्यपालक अभियंता,सहायक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में औरंगाबाद जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव द्वारा योजनावार कार्यों की प्रगति वर्तमान स्थिति तथा कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई, साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं उनके निराकरण के उपायों पर भी चर्चा की गई।इसके अलावे जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत भविष्य में प्रस्तावित कार्यों एवं विकास की संभावनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप ग्रामीण सड़क संपर्कता को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास से संबंधित भावी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।सचिव ने विभागीय योजनाओं की प्रभावी निगरानी,कार्यों के समयबद्ध निष्पादन तथा संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर बल दिया। बैठक का उद्देश्य जिले में ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा एवं आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

रामलीला में विवाह गीत से गूंजा मंडप

हसपुरा(औरंगाबाद):हसपुरा के प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में रामलीला को लेकर प्रतिदिन पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।रामलीला के चौथे दिन बुधवार की रात श्रीराम और माता-सीता के विवाह प्रसंग का मंचन देख दर्शक भाव विभोर हो उठे। इस मौके पर मुख्य संरक्षक डॉ.संजय प्रसाद,कमिटी के अध्यक्ष अनिल आर्य,सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी सुरेश आर्य,कोषाध्यक्ष बैजू प्रसाद ने कहा कि समाज को नई दिशा देने के लिए रामलीला जैसे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन जरूरी है।मौके पर समिति द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया।राम-सीता विवाह के मंचन में ग्रामीणों की सक्रियता ने आयोजन को रोचक बना दिया।विवाह की रस्मों में महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।महिलाएं द्वारा मांगलिक गीतो से पूरा परिसर गूंज उठा।रामलीला के माहौल ने हसपुरा बाजार को राजा जनक की नगरी जनकपुर में तब्दील कर दिया।रामजी की बारात,द्वार पूजा, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और विवाह की विभिन्न रस्मों का आकर्षक मंचन किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक विवाह गीत प्रस्तुत किया। रस्मों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।इससे कलाकारों और दर्शकों के बीच की दूरी मिट गई। पूरा आयोजन वास्तविक विवाह समारोह जैसा प्रतीत होने लगा।डॉ.अरविंद कुमार,अशोक ज्वाला, रोहित कुमार,प्रकाश कुमार, रंकज कुमार उपस्थित थे।

एकबार फिर विद्यार्थी अध्यक्ष एवं संजय सचिव निर्वाचित हुए

लालमोहन सिंह बने उपाध्यक्ष औरंगाबाद: गुरुवार को स्थानीय अधिवक्ता संघ भवन में अधिवक्ता संघ की कार्यसमिति का दोवर्षीय चुनाव चुनाव समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।चुनाव पश्चात आज ही चुनाव परिणाम घोषित किया गया,जिसमें तीन पदों के लिए हुए चुनाव में कुल 56 मतदाताओं में से 55 मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया।चुनाव समिति के अध्यक्ष अजित कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर पूर्व सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी को 30 वोट मिले और सुरेंद्र प्रसाद मेहता को 25 वोट मिले इस तरह से पांच वोट से सिद्धेश्वर विधार्थी विजयी घोषित हुए।वही सचिव पद पर हुये चुनाव में पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार सिंह को 28 वोट मिले और कृष्ण प्रताप सिंह को 27 वोट मिले ।इस तरह से कांटे के टक्कर में संजय कुमार सिंह सचिव के रूप में निर्वाचित घोषित हुए ।इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में लाल मोहन सिंह को 38 वोट और मधुरेन्द्र कुमार सिंह को 17 वोट मिले इस तरह से लाल मोहन सिंह विजयी घोषित हुए, चुनाव समिति के सहायक सदस्य द्रेवेन्द्र कुमार सिंह,इबरार अहमद,राणा शिवम् ने बताया कि पिछले पन्द्रह साल में पहली बार चुनाव द्वारा कार्यसमिति का चुनाव हुआ और वह बहुत शान्ति पूर्ण रहा।आपको मालूम कि कोषाध्यक्ष पद पर सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव पद पर गिरजेश नारायण सिंह और कार्यकारणी सदस्य पद पर पंकज कुमार पांडेय निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये है अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि सिध्देश्वर विधार्थी ने अध्यक्ष बनने पर अधिवक्ता संघ के तमाम सदस्यों के शान्तिपूर्ण मतदान पर और चुनाव समिति के द्वारा निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने पर आभार व्यक्त किया है और कहा है कि अधिवक्ता संघ काफी मजबूत संघ है और इसे मॉडल संघ बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।महासचिव निर्वाचित होने पर पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने इसे अधिवक्ता संघ के अधिवक्ताओ के जीत बताया और कहा कि अधिवक्ता संघ के विकास और अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए यथासंभव कदम उठाएंगे।जिला विधिक संघ,औरंगाबाद के अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय, महासचिव जगनरायण सिंह,लोक अभियोजक अजय कुमार संतोष, पूर्व लोक अभियोजक पुष्कर अग्रवाल, प्रमोद कुमार सिंह और जीपी वृजा प्रसाद,स्पेशल पीपी शक्ति कुमार, अधिवक्ता संघ के प्रभात कुमार सिंह, जयकृष्ण सिंह, मातादीन पटनीया, शहदेव मंडल,रामाश्रय सिंह,सत्येन्द्र सिंह,यशवंत कुमार सिंह,युवा अधिवक्ता मनीष कुमार सिंह,सुमन सौरभ,अजीत कुमार,प्रवीण कुमार पाण्डेय,विकास राज और रंजीत कुमार सहित अन्य ने बधाई देते हुए शुभकामनाएं प्रकट किया है

जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई

महिला किसान दिवस-2026 का जिला पदाधिकारी ने किया शुभारंभ औरंगाबाद: गुरुवार को स्थानीय नगर भवन में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला एवं महिला किसान दिवस-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।दीप प्रज्वलित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में संचालित कृषि योजनाओं, उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि के उपायों से अवगत कराना है।इस अवसर पर जिलधिकारी द्वारा प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन महिला कृषकों को सम्मानित किया गया साथ ही जिले में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण हुई फसल क्षति के आलोक में कुल 4,011 कृषकों के बीच 1 करोड़ 92 लाख रुपए की कृषि इनपुट अनुदान राशि अंतरित किए जाने की जानकारी दी गई। फसल क्षति के आकलन एवं अनुदान वितरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने उपस्थित सभी कृषकों,महिला कृषकों, कृषि विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, उत्पादन में वृद्धि तथा किसानों की आय में सुधार के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों एवं विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कृषि का विकास केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है,बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियां भी किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कृषि विभाग एवं इससे संबंधित विभिन्न शाखाओं द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाकर कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है।जिला कृषि पदाधिकारी ने बेबी कॉर्न एवं स्वीट कॉर्न की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिले को प्राप्त लक्ष्य के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक फसलों की खेती को बढ़ावा देने से किसानों को कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के अतिरिक्त अवसर प्राप्त हो सकते हैं।कार्यक्रम में बिहार कृषि ऐप के संबंध में जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि औरंगाबाद जिले में अब तक लगभग 42,000 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकाधिक किसानों को इस ऐप से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं आवश्यक सूचनाओं की जानकारी एक ही डिजिटल माध्यम से प्राप्त हो सके।इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी,सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी,प्रखंड कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार,कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में कृषक एवं महिला कृषक उपस्थित रहे।

राहुल सिंह बने राष्ट्रीय लोक मोर्चा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

उपेंद्र कुशवाहा ने मिठाई खिलाकर दी बधाई, कहा—युवा संगठन की रीढ़ और नई ऊर्जा के स्रोत हैं नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल सिंह को पार्टी के युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी.एस. सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी किया। इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल सिंह को मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि युवा किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होते हैं और संगठन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने राहुल सिंह पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने और बिहार सहित देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करें। छात्र राजनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक का सफर राहुल सिंह छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के छात्र मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वे विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, युवाओं के बीच सक्रियता और जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए युवाओं के विश्वास, अधिकारों और आकांक्षाओं से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने युवा मोर्चा को सक्रिय और मजबूत संगठन बनाने तथा युवाओं को नेतृत्व, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प जताया। छपरा और सारण में खुशी की लहर राहुल सिंह की नियुक्ति से उनके गृह क्षेत्र छपरा और सारण जिले में समर्थकों के बीच उत्साह है। एडवोकेट विकास सिंह, अरुण यादव, आकाश सिंह, सुमित कुशवाहा, मुकेश सिंह और जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी। भाजपा नेता राकेश सिंह ने भी इस नियुक्ति को जिले के लिए गौरव का विषय बताया। राहुल सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और युवाओं के सम्मान, अधिकारों तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।

25 अक्टूबर को होगा अल्पना सिंह की पुस्तकों का लोकार्पण

अल्पना सिंह ने लिखे तीन उपन्यास “मर्यादा”,”तुमसे मिलकर” एवं “पिया बसंती रे” औरंगाबाद : आगामी 25 अक्टूबर को जिले की प्रसिद्ध लेखिका अल्पना सिंह द्वारा रचित तीन उपन्यास “तुमसे मिलकर”, “मर्यादा” एवं “पिया बसंती रे” ब्लॉक मोड़ स्थित पृथ्वीराज चौहान स्मृति भवन के प्रांगण में राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था शब्दवीणा के तत्वावधान में किया जाएगा। शब्दवीणा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह जिलाध्यक्ष सुरेश विद्यार्थी,सचिव सतीश कुमार पांडेय,लेखिका अल्पना सिंह एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने लोकार्पण समारोह की तैयारी के लिए बैठक किया।बैठक के बाद बताया कि आगामी 25 अक्टूबर को अपराह्न में आयोजित लोकार्पण समारोह में शब्दवीणा के राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित औरंगाबाद जिले के नामचीन साहित्यिक हस्तियों की गरिमामई उपस्थिति होगी।विदित हो कि अल्पना सिंह ने गृहिणी का दायित्व निभाते हुए भी उन्होंने दो-तीन वर्ष पूर्व उपन्यास लेखन के क्षेत्र में अपने कदम रखे और अपनी लेखनी चलाई और अपनी लेखनी के बल पर उन्होंने उत्कृष्ट उपन्यास रच डालें जिनका प्रकाशन राष्ट्रीय स्तर के प्रकाशकों के द्वारा किया गया।इस संबंध में अल्पना सिंह ने बताया कि उन्हें लिखने की प्रेरणा आसपास के सामाजिक वातावरण में घटित होने वाली घटनाओं को देखकर हुआ।अंतर्मन में सामाजिक वेदनाओं की आवाज को मैंने पहचाना,वर्तमान परिदृश्य की जो सामाजिक समस्याएं हैं उनके बारे में नजदीक से देखा और उसे मैंने उतारने का प्रयास की हूं।

औरंगाबाद के रक्तसेवक बमेंद्र एवं किरण अयोध्या में सम्मानित हुए

रक्तदान जागरूकता और जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने के लिए देशभर में चला रहे अभियान की सराहना औरंगाबाद: पूरे देश में रक्तदान का महत्व समझाने एवं मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे औरंगाबाद के क्षत्रिय नगर निवासी एवं पथ प्रदर्शक संस्था के संस्थापक-सह-सचिव तथा रक्तसेवक बमेंद्र कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी किरण सिंह को श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सम्मानित किया गया।अयोध्या में श्रीराम कृष्ण फाउंडेशन द्वारा 12 एवं 13 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव सह सम्मान समारोह में बमेंद्र कुमार सिंह को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में देश के 22 राज्यों से पहुंचे रक्तसेवकों एवं रक्तदाताओं के साथ अयोध्या के स्थानीय रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।बमेंद्र कुमार सिंह एवं किरण सिंह को रक्तदान के प्रति जागरूकता अभियान चलाने, रक्तदान शिविरों का आयोजन करने तथा जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए सम्मान मिला।सम्मान प्राप्त करने के बाद बमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान ऐसी मानवीय सेवा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के रूप में मिलता है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी किरण का सामाजिक सेवा में पूरा सहमति एवं योगदान रहता है। किरण खुद एक रक्तदानी है और अभी तक सात बार रक्तदान कर चुकी हैं। बमेंद्र ने इस सम्मान का श्रेय पथ प्रदर्शक से जुड़े सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।