अष्टमी पर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन को उमड़ी भीड़, भक्तिमय हुआ दाउदनगर

दाउदनगर (औरंगाबाद)शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर रविवार को दाउदनगर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर के मौलाबाग स्थित सूर्य मंदिर तालाब, टाउन हॉल परिसर, सिनेमा हॉल रोड, नवयुवक दुर्गा क्लब, पटवा टोली, पटना फाटक, चावल बाजार, पुराना शहर संघत, शिव मंदिर और राष्ट्रीय इंटर स्कूल के खेल मैदान सहित विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। हनुमान मंदिर, श्रीराम मंदिर और मां काली मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन-पूजन किया।
आकर्षक सजावट से जगमगाए पूजा पंडाल
शहर के विभिन्न पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य सजावट, भक्ति गीतों और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा पंडालों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है। दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि शहर में कुल 46 लाइसेंसधारी पूजा समितियां हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था लागू की गई है। नवमी के दिन भीड़ समाप्त होने तक नो-इंट्री लागू रहेगी।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *