
रक्तदान जागरूकता और जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने के लिए देशभर में चला रहे अभियान की सराहना
औरंगाबाद: पूरे देश में रक्तदान का महत्व समझाने एवं मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे औरंगाबाद के क्षत्रिय नगर निवासी एवं पथ प्रदर्शक संस्था के संस्थापक-सह-
सचिव तथा रक्तसेवक बमेंद्र कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी किरण सिंह को श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में सम्मानित किया गया।
अयोध्या में श्रीराम कृष्ण फाउंडेशन द्वारा 12 एवं 13 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव सह सम्मान समारोह में बमेंद्र कुमार सिंह को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में देश के 22 राज्यों से पहुंचे रक्तसेवकों एवं रक्तदाताओं के साथ अयोध्या के स्थानीय रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।
बमेंद्र कुमार सिंह एवं किरण सिंह को रक्तदान के प्रति जागरूकता अभियान चलाने, रक्तदान शिविरों का आयोजन करने तथा जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए सम्मान मिला।सम्मान प्राप्त करने के बाद बमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान ऐसी मानवीय सेवा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के रूप में मिलता है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी किरण का सामाजिक सेवा में पूरा सहमति एवं योगदान रहता है। किरण खुद एक रक्तदानी है और अभी तक सात बार रक्तदान कर चुकी हैं। बमेंद्र ने इस सम्मान का श्रेय पथ प्रदर्शक से जुड़े सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों को देते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही लगातार रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।