
निर्माण कार्यों में प्रगति एवं भावी कार्ययोजना पर हुई चर्चा
औरंगाबाद : गुरुवार को ग्रामीण कार्य विभाग,बिहार सरकार के सचिव अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा उपस्थित थी,साथ ही ग्रामीण कार्य विभाग के सभी संबंधित कार्यपालक अभियंता,सहायक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में औरंगाबाद जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव द्वारा योजनावार कार्यों की प्रगति वर्तमान स्थिति तथा कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई, साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं एवं उनके निराकरण के उपायों पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावे जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत भविष्य में प्रस्तावित कार्यों एवं विकास की संभावनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप ग्रामीण सड़क संपर्कता को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास से संबंधित भावी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सचिव ने विभागीय योजनाओं की प्रभावी निगरानी,कार्यों के समयबद्ध निष्पादन तथा संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर बल दिया। बैठक का उद्देश्य जिले में ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा एवं आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।