चलो यमुना अभियान’ के तहत सोनिया विहार के ढाई पुस्ता पर स्वच्छता अभियान में शामिल हुईं स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा

यमुना के घाटों और तटों को स्वच्छ रखने का किया आह्वान, नागरिकों से ‘यमुना प्रहरी’ बनकर नदी के संरक्षण में योगदान देने की अपील

नई दिल्ली। स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा ने माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘चलो यमुना अभियान’ के अंतर्गत आज सोनिया विहार स्थित ढाई पुस्ता पर आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने यमुना की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए नागरिकों से नदी को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

स्वच्छता अभियान में दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष श्री कौशल मिश्रा, निगम पार्षद श्री अनिल गौड़ सहित युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने श्रमदान कर यमुना के घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

श्रीमती सत्या शर्मा ने कहा कि यमुना केवल दिल्ली की जीवनरेखा ही नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र भी है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यमुना के घाटों और तटों पर कचरा न फैलाएं, प्लास्टिक एवं पूजा सामग्री नदी में प्रवाहित न करें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों और निरंतर जागरूकता के माध्यम से ही नदी के संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने सभी नागरिकों से ‘यमुना प्रहरी’ बनकर यमुना की स्वच्छता, संरक्षण और सम्मान के लिए निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *