जिलाधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल अस्पताल का किया निरीक्षण

औरंगाबाद: गुरुवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सदर अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल अस्पताल भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों,बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड(बी.एम.सी.एल.) के अभियंताओं एवं संवेदक के प्रतिनिधि को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन एम.सी.एच.अस्पताल का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए दिसंबर 2026 तक इसे हैंडओवर करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी द्वारा सदर अस्पताल परिसर में सात निश्चय योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन जीएनएम एवं पैरामेडिकल संस्थान का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को शेष कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया,साथ ही, कार्य में आ रही बाधाओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित आधारभूत संरचनाओं का समयबद्ध निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण हों,जिससे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सा एवं पैरामेडिकल प्रशिक्षण की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन,औरंगाबाद डॉ कृष्ण कुमार एवं डीपीएम स्वास्थ्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *