नगर पंचायत बारुण में विकास कार्यों को गति, मुख्य पार्षद ने पीसीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य का किया उद्घाटन

बारुण: नगर पंचायत बारुण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है. इसी क्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में नवनिर्मित पीसीसी सड़क और नाली निर्माण कार्यों का विधिवत उद्घाटन नगर पंचायत बारुण की मुख्य पार्षद इन्दु देवी द्वारा शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया. इस अवसर पर उप मुख्य पार्षद शसरोज यादव, स्थानीय वार्ड पार्षद तथा नगर पंचायत के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे. ​उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्य पार्षद इंदु देवी ने कहा कि नगर पंचायत के सभी वार्डों का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.मोहल्लों में पक्की सड़क और समुचित जल निकासी की व्यवस्था होने से आम जनता को कीचड़ और जलजमाव की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी. उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी जनहित की योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है. सहायक जीवन कुमार ने बताया कि बारुण नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में छक्कन बिगहा में 48,92,118 रुपये की लागत और वार्ड संख्या में पांच में 35,41,327 रुपये की लागत पीसीसी व आरसीसी का निर्माण होगा. साथ ही कहा कि बारुण नगर पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और सुविधा-संपन्न बनाना ही नगर प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है. वार्डों में आवागमन की बेहतर सुविधा के लिए लगातार नई योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस विकास कार्य के लिए नगर परिषद बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया. ​कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत प्रशासन के कार्यपालक पदाधिकारी नितेश कुमार,वार्ड पार्षद सुरेंद्र यादव,आरुषि कुमारी और अन्य लोग मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *