पढ़ाई के लिए मां ने डांटा, किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

मदनपुर: सलैया थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में रविवार की सुबह एक 14 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान कोल्हुआ निवासी धनंजय पासवान की 14 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रविवार की सुबह प्रियंका घर से बाहर से वापस लौटी थी। इसी दौरान उसकी मां कविता देवी ने उसे पढ़ाई करने के लिए डांटा। इसके कुछ देर बाद मां अपने घरेलू काम में व्यस्त हो गयी। काम निपटाने के बाद जब वह घर के अंदर गयी तो बेटी को फंदे से लटका हुआ पाया। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गये।

परिजनों ने आनन-फानन में किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार जय ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी को परिजन मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उसके गर्दन पर निशान पाए गए थे। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर सलैया थाना के एसआई लक्ष्मण पांडेय पुलिस बल के साथ सीएचसी मदनपुर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया।

सलैया थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *