
उपेंद्र कुशवाहा ने मिठाई खिलाकर दी बधाई, कहा—युवा संगठन की रीढ़ और नई ऊर्जा के स्रोत हैं
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल सिंह को पार्टी के युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी.एस. सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी किया। इस अवसर पर उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल सिंह को मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि युवा किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होते हैं और संगठन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने राहुल सिंह पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने और बिहार सहित देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करें।
छात्र राजनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक का सफर
राहुल सिंह छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के छात्र मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वे विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव, युवाओं के बीच सक्रियता और जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए युवाओं के विश्वास, अधिकारों और आकांक्षाओं से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने युवा मोर्चा को सक्रिय और मजबूत संगठन बनाने तथा युवाओं को नेतृत्व, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प जताया।
छपरा और सारण में खुशी की लहर
राहुल सिंह की नियुक्ति से उनके गृह क्षेत्र छपरा और सारण जिले में समर्थकों के बीच उत्साह है। एडवोकेट विकास सिंह, अरुण यादव, आकाश सिंह, सुमित कुशवाहा, मुकेश सिंह और जिलाध्यक्ष अशोक कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी। भाजपा नेता राकेश सिंह ने भी इस नियुक्ति को जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
राहुल सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और युवाओं के सम्मान, अधिकारों तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।