स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए सत्या शर्मा ने भरा नामांकन, पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार , माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और माननीय भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के सहयोग से एमसीडी को बनाएंगे और मजबूत : सत्या शर्मा

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करतीं भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा।

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की वरिष्ठ पार्षद सत्या शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन, भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के सहयोग से एमसीडी को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जाएगा।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में सत्या शर्मा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य वर्ष 2022 के एमसीडी चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा जनता से किए गए वादों को पूरा करना होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने सत्ता संभालने के लगभग एक वर्ष के भीतर अपने चुनावी घोषणापत्र के कई वादे पूरे किए हैं और कई ऐसे कार्य भी किए हैं, जिनका उल्लेख घोषणापत्र में नहीं था।

उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में स्थायी समिति की अध्यक्ष के रूप में प्रस्तुत बजट में की गई घोषणाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। साथ ही सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, पार्कों के रखरखाव, सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भलस्वा, ओखला और गाज़ीपुर के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

सत्या शर्मा ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय का लाभ राजधानी के नागरिकों को मिल रहा है और विकास कार्यों को नई गति मिली है।

एमसीडी की स्थायी समिति में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। समिति के कुल 18 सदस्यों में भाजपा के 12 सदस्य हैं, जबकि अन्य दलों के छह सदस्य हैं। ऐसे में स्थायी समिति के अध्यक्ष पद पर सत्या शर्मा का चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *