हंसराज कॉलेज में 16-17 अक्टूबर को सजेगी गरबा और डांडिया की महफिल

दिल्ली गरबा महोत्सव में गायक रवीन्द्र उपाध्याय की प्रस्तुति होगी खास आकर्षण

नई दिल्ली। नवरात्रि के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में 16 और 17 अक्टूबर को ‘दिल्ली गरबा महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। नित्य अनुभूति मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्रा. लि. की ओर से दिल्ली टूरिज्म के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में गरबा, डांडिया, संगीत और लजीज व्यंजनों का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बॉलीवुड फिल्मों में पार्श्व गायन कर चुके गायक रवीन्द्र उपाध्याय की संगीतमय प्रस्तुति होगी। इसके अलावा, डीजे गुजराती लोकसंगीत, पारंपरिक गरबा धुनों और इंडी म्यूजिक के मिश्रण से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे।

आयोजन में विशेष फूड कोर्ट भी लगाया जाएगा, जहां भारतीय और कॉन्टिनेंटल व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य नवरात्रि की आध्यात्मिक भावना और भारतीय लोकसंस्कृति को बढ़ावा देना तथा युवाओं और परिवारों को पारंपरिक उत्सव से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *