डीएम और एसपी ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए दिए निर्देश, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
औरंगाबाद। आगामी दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर समाहरणालय स्थित योजना भवन में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के आयोजक और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, यातायात, अतिक्रमण और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं। जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि पूजा पर्व आपसी भाईचारे और धार्मिक सौहार्द के साथ मनाया जाए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
डीएम ने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने, शहर के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने और पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी।
एसपी ने कहा कि प्रमुख स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। लाउडस्पीकर एक्ट का पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे बजाने पर आयोजकों और संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
कैप : दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा।