
बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सपा के पीडीए को बताया ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन करें, वह भी उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, “लड़ाई चेलों से क्यों? लड़ाई तो आमने-सामने होनी चाहिए।” वह शनिवार को बलरामपुर के रेहरा बाजार विकासखंड स्थित बिलरिया गांव में 803 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के बबुआ अभी से बौखला गए हैं, जबकि विकास की शुरुआत हुई है और आगे बहुत कुछ होना बाकी है। उन्होंने कहा कि अयोध्या उनकी आस्था की स्थली है और वहां चल रहे विकास कार्यों की निगरानी के लिए वह लगातार जाते हैं। योगी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 80 प्रतिशत सीटें जीतेगा, जबकि विपक्ष को अधिकतम 20 प्रतिशत सीटों से संतोष करना पड़ेगा।
अयोध्या के विकास का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सपा सरकार के दौरान अयोध्या को तीन-चार घंटे ही बिजली मिलती थी और विकास कार्यों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं। आज अयोध्या विकास के नए उदाहरण के रूप में सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों के विकास के साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सख्ती
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में छांगुर जैसे लोगों को पनपने नहीं दिया जाएगा और किसी को प्रदेश की जनसांख्यिकी बदलने की छूट नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान इस क्षेत्र में तस्करी और आपराधिक गतिविधियां बढ़ी थीं। वर्तमान सरकार ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने और क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में माफिया और अपराधियों को संरक्षण मिलता था, जिससे आम लोगों में भय का माहौल था। अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को जेल या जहन्नुम के अलावा कोई रास्ता नहीं मिलेगा।
सपा के पीडीए पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के पीडीए की व्याख्या करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और ‘प्रदेश डुबाऊ अलायंस’ बताया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सपा ने दलितों और पिछड़ों सहित विभिन्न वर्गों की उपेक्षा की। उनके मुताबिक, पार्टी में परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाती है और अन्य वर्गों के हितों की अनदेखी होती है।
कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि ये दल चुनाव जीतने पर इसे अपना पुरुषार्थ बताते हैं, लेकिन हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब दंगों और अपराधों के लिए कोई जगह नहीं है।
आपदा पीड़ितों को 24 घंटे में मुआवजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि या पशुहानि होने पर भी 24 घंटे के भीतर सहायता देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में साढ़े नौ वर्षों के दौरान करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
बलरामपुर में दस हजार करोड़ से अधिक का निवेश
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दस वर्षों में बलरामपुर के विकास के लिए दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। विश्वविद्यालय का भवन तैयार होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बन रहे मेडिकल कॉलेज, रिंग रोड, चीनी मिल के विस्तार, थारू संग्रहालय और मथुरा घाट पुल जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
लाभार्थियों को चेक और प्रमाणपत्र वितरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और छात्रा के विज्ञान मॉडल की सराहना की। उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों विकास यादव और मोहम्मद शादाब को लैपटॉप प्रदान किए।
कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए किरण वर्मा और हिमांश यादव को चार-चार लाख रुपये की सहायता से संबंधित चाबियां सौंपी गईं। युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए। किसना देवी और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र तथा गुड़िया वर्मा और पिंकी को आजीविका मिशन के तहत 45 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बलरामपुर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्रा और अवधेश कुमार सिंह, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू तथा उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सविता गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।