
पटना। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की कला-संस्कृति इकाई की ओर से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर विशेष सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न शहरों से जुड़े कलाकारों ने गायन और वादन की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अमिताभ बच्चन अपनी अभिनय प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के बल पर भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। उन्होंने अपने शानदार फिल्मी सफर से कायस्थ समाज को भी गौरवान्वित किया है। कला और संस्कृति समाज को जोड़ने के साथ कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती है।
मैनेजिंग ट्रस्टी रागिनी रंजन ने अमिताभ बच्चन को भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और लंबा फिल्मी सफर कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में शालिनी बैरागी, मृणालिनी अखौरी, जुबिन सिन्हा, नवीन श्रीवास्तव, कुमार संभव, स्तुति श्रीवास्तव, आशीष कुमार, अभिषेक माथुर और यश माथुर सहित कई कलाकारों ने गीत-संगीत की प्रस्तुतियां दीं। तनिष्क श्रीवास्तव ने गिटार वादन से समारोह को आकर्षक बनाया।
कला-संस्कृति प्रकोष्ठ के ग्लोबल कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार और महासचिव पवन सक्सेना ने आयोजन की सफलता पर कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के समन्वय में शिवानी गौड़ सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में जीकेसी के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।