पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तिमय हुआ दाउदनगर


दाउदनगर (औरंगाबाद)। शारदीय नवरात्र को लेकर दाउदनगर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है। सप्तमी तिथि को मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बीच मां दुर्गा का पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन के लिए पूजा पंडालों में भक्तों का तांता लगा रहा।
विभिन्न पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडालों का निर्माण कराया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट से पूजा स्थल जगमगा रहे हैं। वहीं, भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
शहर में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर पूजा-अर्चना
दाउदनगर शहर में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा और मां काली की पूजा-अर्चना की जा रही है। पुराना शहर संघत, श्रीराम मंदिर, हनुमान मंदिर, बाजार समिति के पास स्थित दुर्गा मंदिर तथा महिला कॉलेज के समीप काली मंदिर सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालु पहुंचकर मां के दर्शन कर रहे हैं। वहीं, पूरे प्रखंड में कुल 46 स्थानों पर पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
नवरात्र में मां के विभिन्न स्वरूपों की आराधना का विशेष महत्व
ज्योतिषाचार्य तारिणी कुमार इंद्र गुरु ने बताया कि नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा का विशेष महत्व है। सप्तमी तिथि को मां कालरात्रि और अष्टमी तिथि को मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु मां की आराधना कर जीवन के कष्टों से मुक्ति, सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना करते हैं।
नवरात्र को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। पूजा पंडालों की आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ से पूरा दाउदनगर मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *