राजधानी कॉलेज में शैक्षणिक और तकनीकी सुविधाओं का उद्घाटन, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक संसाधनों की सौगात

दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर स्वामी विवेकानंद अकादमिक ब्लॉक सहित सात सुविधाओं का हुआ शुभारंभ, दीपावली मेले ने बढ़ाई समारोह की रौनक

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राजधानी महाविद्यालय में बुधवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, तकनीकी और कौशल विकास संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता महाविद्यालय प्रो. बलराम पाणि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने की।

इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद अकादमिक ब्लॉक, वात्सल्य डे केयर सेंटर, कौशल विकास केंद्र, मेधा इलेक्ट्रॉनिक्स प्रयोगशाला, पर्यावरण विज्ञान प्रयोगशाला, शारीरिक शिक्षा निदेशक कक्ष और बैठक कक्ष का उद्घाटन किया गया। स्वामी विवेकानंद अकादमिक ब्लॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यह ब्लॉक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करेगा।

प्राचार्य प्रो. दर्शन पांडेय ने स्वागत संबोधन में महाविद्यालय की विकास यात्रा में शिक्षकों के समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और सामूहिक प्रयासों की भूमिका को रेखांकित किया। शासी निकाय के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने संस्थागत विकास और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। मुख्य अतिथि प्रो. बलराम पाणि ने उच्च शिक्षा में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर विचार रखे।

कार्यक्रम में वंदे मातरम् और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलगीत की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर वर्तमान एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मचारियों को उनके योगदान के सम्मान में घड़ियां भेंट की गईं।

समारोह के साथ आयोजित दीपावली मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर विकास एवं रखरखाव समिति के संयोजक प्रो. पंकज गर्ग ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *