
राजनाथ सिंह बोले- राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, देश का निर्माण करना होना चाहिए
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेवा ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया। रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
कार्यक्रम स्थल पर रक्षा मंत्री का विद्यालय की छात्राओं ने बैंड वादन के साथ स्वागत किया। मंच पर अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राजनाथ सिंह ने जनसमूह को संबोधित किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश का निर्माण करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ देश की सेवा की है और यह साबित किया है कि राजनीति देश निर्माण का माध्यम भी हो सकती है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वह नरेंद्र मोदी को वर्ष 2001 से जानते हैं और उनके अनुसार प्रधानमंत्री ने लगातार देशसेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है और दुनिया भारत का रुख जानना चाहती है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, डॉ. मंजू सिवाच सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सेवा ज्योति यात्रा में युवाओं और नागरिकों ने भी सहभागिता की।