राहुल फुस्स रॉकेट, अखिलेश हार के बहानेबाज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का किया स्वागत

अखिलेश को नसीहत, लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता करती है बदलाव

राहुल का बारूद खत्म, कांग्रेस कितनी बार करेगी लॉन्च: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। राहुल गांधी को फुस्स रॉकेट बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका बारूद समाप्त हो चुका है। कांग्रेस चाहे जितनी बार उन्हें लॉन्च कर ले, अब वह लॉन्च नहीं होने वाले। वहीं, अखिलेश यादव के बदला लेने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के बबुआ को कोई समझाए कि लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।

मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों को आपत्ति क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन अपनी चुनावी पराजय छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला गोरखपुर दौरा है। लोकतंत्र को मजबूत करने और अराजकता के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता अपने मताधिकार के माध्यम से सरकारों के कामकाज का मूल्यांकन करती है। चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन हार स्वीकार करने के बजाय लगातार बहाने बनाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर सवाल खड़े करते हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दो लड़कों की यह जोड़ी चुनावी नतीजों के बाद नए-नए बहाने तलाशती है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को आपातकाल की याद आज भी है। कांग्रेस को आपातकाल लागू करने और 1984 के सिख विरोधी दंगों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने राजनीतिक इतिहास और कार्यों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया का विरोध समझ से परे है। उन्होंने सवाल किया कि यदि पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं तो कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को इससे परेशानी क्यों हो रही है? मुख्यमंत्री ने इसे राष्ट्रीय हित और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा विषय बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी अराजकता फैलाने या संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर बात की जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के बीच जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र की ताकत है। जनता समय आने पर अपने मताधिकार से बदलाव करती है। इसलिए राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए काम करना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। भाजपा की पदयात्रा इसी उद्देश्य से जनता के बीच जागरूकता का संदेश देने का माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *