मोबिक्विक ने वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में दर्ज किया अब तक का सर्वाधिक मुनाफा

पीएटी 11.8 करोड़ और ईबीआईटीडीए 22.7 करोड़ रुपये पर पहुंचा, प्लेटफॉर्म का जीएमवी 35 प्रतिशत बढ़कर 59,677 करोड़ रुपये हुआ

नई दिल्ली। वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कंपनी ने लगातार चौथी तिमाही में मुनाफा दर्ज करते हुए अब तक का सर्वाधिक तिमाही कर अदायगी के बाद लाभ (पीएटी) 11.8 करोड़ रुपये और ईबीआईटीडीए 22.7 करोड़ रुपये हासिल किया। इस दौरान कंपनी की कुल आय 302.8 करोड़ रुपये रही।

कंपनी के प्लेटफॉर्म का सकल व्यापारिक मूल्य (जीएमवी) 35 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ 59,677 करोड़ रुपये के नए तिमाही उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं, लेंडिंग वितरण में 34 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में 1,082.6 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के अनुसार, यह प्रदर्शन जीएमवी में वृद्धि और परिचालन मार्जिन में सुधार से प्रेरित रहा।

मोबिक्विक के सह-संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं सीईओ बिपिन प्रीत सिंह ने कहा कि लगातार चौथी लाभदायक तिमाही कंपनी के टिकाऊ बिजनेस मॉडल की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाती है। कंपनी ने लेंडिंग वितरण में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। इसके साथ ही मर्चेंट पेमेंट्स के राजस्व में सालाना आधार पर 150 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि कंपनी लागत अनुकूलन और परिचालन दक्षता पर लगातार काम कर रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल से बिजनेस मॉडल में परिचालन क्षमता और मुनाफे को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कंपनी इंजीनियरिंग, लेंडिंग, ग्राहक अनुभव और जोखिम प्रबंधन में एआई का उपयोग बढ़ा रही है। वित्त वर्ष 2028 तक एआई-फर्स्ट संगठन बनने का लक्ष्य रखा गया है। कंपनी के अनुसार, वर्तमान में उसके 92 प्रतिशत कोड का निर्माण एआई की मदद से हो रहा है, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 80 प्रतिशत था। इससे गो-टू-मार्केट प्रक्रिया भी 55 प्रतिशत तेज हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *