चन्दौली में धान खरीद की शुरुआत जिले में बनाए गए 147 क्रय केन्द्र, 2 नवम्बर से शुरू होगी खरीद: जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह

जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह
समाज के प्रति कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही सच्चा कर्मयोग : आलोक कुमार

पूर्वोत्तर भारत में 55 वर्षों से समाजसेवा कर रहे लैश्रम जात्रा सिंह को मिला स्वामी विवेकानन्द स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार 2026 नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट आलोक कुमार ने कहा कि राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पण प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व है। समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही वास्तविक अर्थों में कर्मयोग है। निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने वाले व्यक्ति ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह शनिवार को नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब के मावलंकर सभागृह में आयोजित स्वामी विवेकानन्द स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्वोत्तर भारत में पिछले 55 वर्षों से कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लैश्रम जात्रा सिंह को स्वामी विवेकानन्द स्मृति कर्मयोगी पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। समारोह में गीता मनीषी ज्ञानानंद जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट आलोक कुमार ने की। राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे तथा मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शारदा देवी भी मंच पर मौजूद रहीं। युवाओं को स्वामी विवेकानन्द के विचार अपनाने का आह्वान मुख्य अतिथि गीता मनीषी ज्ञानानंद जी ने अपने संबोधन में युवाओं से स्वामी विवेकानन्द के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने सेवा, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर युवा समाज और राष्ट्र के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के नागरिक देश के अन्य हिस्सों के नागरिकों की तरह ही गौरवशाली भारतीय हैं। भारत की एकता और अखंडता में पूर्वोत्तर क्षेत्र का विशेष योगदान है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। निस्वार्थ सेवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि निस्वार्थ भाव से किए जाने वाले सामाजिक कार्य राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोगों का सम्मान करना अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है। मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शारदा देवी ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक समृद्धि में पूर्वोत्तर भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक विविधता भारतीय विरासत को और समृद्ध बनाती है। 55 वर्षों की समाजसेवा को मिला सम्मान पुरस्कार प्राप्त करने के बाद लैश्रम जात्रा सिंह ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज और राष्ट्र की सेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। पूर्वोत्तर भारत में साढ़े पांच दशकों से अधिक समय तक विपरीत परिस्थितियों में किए गए उनके सामाजिक योगदान को समारोह में विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम के संकल्पनाकार एवं माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और लोगों में सेवा, समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लैश्रम जात्रा सिंह के जीवन और कार्यों को सच्चे कर्मयोग की प्रेरणादायी मिसाल बताया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो : उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

एमएमजी जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, आपातकालीन वार्ड में मरीजों से जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल; निर्माणाधीन भवन का कार्य शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश अनिल कुमार गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद गाजियाबाद के भ्रमण के दौरान विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचकर वहां उपलब्ध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार और मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के एमएमजी जिला अस्पताल पहुंचने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चंद्र वैश्य, सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आपातकालीन वार्ड में मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया और वहां भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य, उपचार तथा अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकांश मरीज बुखार एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए। उन्होंने मरीजों को खानपान पर विशेष ध्यान देने, साफ-सफाई बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। मरीजों एवं उनके तीमारदारों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उन्हें उपचार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल एक मरीज से भी बातचीत की, जो शराब के सेवन के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और अस्पताल में उपचाराधीन था। उन्होंने मरीज को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को उसकी जिम्मेदारियों से विमुख करता है और इसका दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति पर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने मरीज से अपने स्वास्थ्य और परिवार के प्रति जिम्मेदारियों को समझने तथा भविष्य में नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की। निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण, शीघ्र कार्य पूरा कराने के निर्देश उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि भवन निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि इसका लाभ आमजन को जल्द मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्य में बजट की कोई समस्या आ रही है तो इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, ताकि धनराशि की उपलब्धता सुनिश्चित कर निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके। पुराने भवनों की पीडब्ल्यूडी से तकनीकी जांच कराने के निर्देश उपमुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नए भवन के आसपास स्थित अन्य भवनों एवं पुराने निर्माणों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन भवनों की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से तकनीकी जांच कराई जाए। जांच में यदि कोई भवन ध्वस्तीकरण योग्य पाया जाता है तो नियमानुसार उसे ध्वस्त कराया जाए। वहीं, उपयोग योग्य भवनों का आवश्यकतानुसार जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए आवश्यक बजट की व्यवस्था जनपद अथवा शासन स्तर से नियमानुसार सुनिश्चित की जाए, ताकि अस्पताल परिसर की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाया जा सके। चिकित्सकों की कमी दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर उपमुख्यमंत्री ने जनपद में चिकित्सकों की उपलब्धता और रिक्त पदों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन चिकित्सकीय पदों पर कमी है, उन्हें भरने के लिए शासन को तत्काल आवश्यक पत्र भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए और मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा मेगा कैम्प का भव्य एवं सफल आयोजन

विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं की दी गई जानकारी अनिल कुमार गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की सचिव श्रीमती नेहा बनौधिया के पर्यवेक्षण में जनपद न्यायालय परिसर, गाजियाबाद में विशाल मेगा कैम्प का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश, गाजियाबाद श्री विनोद सिंह रावत द्वारा फीता काटकर मेगा कैम्प का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी श्री संजय वीर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्रीमती ललिता गुप्ता, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्रीमती पूनम सिंघल, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) श्री जितेंद्र मिश्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम श्री लोकेश वरुण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जसवीर सिंह यादव सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ब्रह्मदेव त्यागी एवं सचिव श्री वरुण त्यागी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं न्यायिक अधिकारियों का विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड की मधुर धुन के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय के बच्चों द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त घरौंदा बाल गृह के बच्चों एवं एक दिव्यांग बालिका द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया। मेगा कैम्प में विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जनसामान्य को जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई गईं। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जबकि यशोदा मेडिसिटी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। जिला कारागार, डासना, गाजियाबाद की ओर से जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की कौशल प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके माध्यम से बंदियों की प्रतिभा, हुनर एवं आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित किया गया। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साइबर जागरूकता शिविर के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही 112 हेल्पलाइन के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त लव टू हेल्प फाउंडेशन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा भी अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। मेगा कैम्प में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की ओर से उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs), पैनल अधिवक्ताओं एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम द्वारा आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्र व्यक्तियों के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत ने मेगा कैम्प के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की सचिव श्रीमती नेहा बनौधिया ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना, उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। इस प्रकार के मेगा कैम्प इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल हैं। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। इस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा आयोजित मेगा कैम्प के माध्यम से न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।
जनता दर्शन में आई महिला को सीएम योगी ने पति के इलाज का दिया भरोसा

कहा- घबराइए मत, उपचार में नहीं आने देंगे कोई दिक्कत, विवेकाधीन कोष से होगी मदद 150 लोगों की समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री ने, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश गोरखपुर, 1 नवंबर। शनिवार शाम गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन में मदद का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने महिला से उसके पति के अब तक हुए उपचार की जानकारी ली और पूरे सहयोग का भरोसा देते हुए कहा- ‘घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। इसके लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।’ मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आई एक अन्य बीमार महिला को समुचित इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। रविवार को जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 150 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक जाकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं। उनके प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समस्या समाधान के लिए जरूरी दिशानिर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषप्रद होना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। मिलने आए लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी। अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया।
2017 से पहले तुष्टीकरण का तेजाबी दंश सहने को विवश थी अयोध्या: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रस्तुत की अयोध्या की प्राचीन व नवीन तस्वीर पहले श्रद्धालुओं की यात्रा कठिन, नगर की व्यवस्थाएं जर्जर और स्थानीय परिवारों की संभावनाएं थीं सीमित: मुख्यमंत्री अब विरासत के साथ प्रगति का नया अध्याय लिख रही है प्रभु श्रीराम की प्राणप्रिय नगरी सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति है अयोध्या: मुख्यमंत्री लखनऊ, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों को अयोध्या की प्राचीन व नवीन तस्वीर से अवगत कराया। उन्होंने अयोध्या को लेकर पूर्ववर्ती सरकार को आईना दिखाया तो अपनी सरकार में किए गए कार्यों का उल्लेख भी किया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि अयोध्या सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति है, किंतु वर्ष 2017 से पहले यह दिव्य नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का तेजाबी दंश सहने के लिए विवश थी। श्रद्धालुओं की यात्रा कठिन, नगर की व्यवस्थाएं जर्जर और स्थानीय परिवारों की संभावनाएं सीमित थीं। अयोध्यावासियों के घर-आंगन तक पहुंच रहा परिवर्तन का प्रकाशमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या जी की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास का नया विस्तार मिला है। भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से लेकर रामपथ, धर्मपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन तक, हर निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा एवं राम नगरी के गौरव से जुड़ा है। इस परिवर्तन का प्रकाश अयोध्या वासियों के घर-आंगन तक पहुंच रहा है। बढ़ता पर्यटन व्यापार को संबल दे रहा है, नए अवसर युवाओं को रोजगार से जोड़ रहे हैं और स्थानीय परिवार समृद्धि की नई आशाएं संजो रहे हैं। विरासत के साथ प्रगति का नया अध्याय लिख रही प्रभु श्रीराम की प्राणप्रिय नगरीमुख्यमंत्री ने कहा कि कभी विकास की प्रतीक्षा करती अयोध्या आज अपनी विरासत के साथ प्रगति का नया अध्याय लिख रही है। असंख्य सनातनियों की आस्था, अस्मिता और आराधना का यह केंद्र आज ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करते हुए सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का उज्ज्वल प्रतीक बन गया है।
सपा ने 10 लाख गुंडे पाले, हमने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

चौरी चौरा के विकास को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने रेल ओवरब्रिज सहित ₹287 करोड़ की 84 परियोजनाओं की दी सौगात सपा की सरकार में हुए 1500 दंगे, यही है उनकी उपलब्धि: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चौरी चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी जवाहरलाल नेहरू ने नहीं बल्कि महामना मदन मोहन मालवीय ने की थी: मुख्यमंत्री गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को क्रांतिधरा चौरी चौरा से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा प्रहार किया। 287 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की यही उपलब्धि है कि उसने अपनी चार बार की सरकार में प्रदेश के भीतर 1500 दंगे करवाए थे। सपा ने अपनी सरकारों में 10 लाख गुंडे पाले हुए थे जो हर जिले में लूटपाट करते थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है और माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोड़धोइया नाला परियोजना के 495 करोड़ रुपये के प्रथम चरण का लोकार्पण और 880 करोड़ रुपये के द्वितीय चरण, गोरखपुर सीवरेज योजना के जोन ए तीन एवं प्रस्तावित सर्विस रोड की आधारशिला भी रखी। साजिशकर्ताओं और अराजक तत्वों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वानदेश में माहौल बिगाड़ने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 55 करोड़ लोगों को जनधन खातों व आयुष्मान भारत का लाभ मिला है। बिचौलियों का खेल खत्म होने से परेशान भ्रष्टाचारी तत्व आज सड़कों पर अराजकता पैदा कर रहे हैं। ये लोग किसान, महिला, युवा और राष्ट्र की सुरक्षा के विरोधी हैं तथा नक्सलवाद, आतंकवाद व अलगाववाद के समर्थक हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जब देश अपनी आजादी के शताब्दी महोत्सव की ओर बढ़ रहा है, तब हमें इन साजिशकर्ताओं और अराजकतावादियों को माहौल बिगाड़ने की छूट नहीं देनी है। इनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की तैयारी करनी होगी और इनके दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आम जनमानस को स्वयं खड़ा होना पड़ेगा। सपा का मतलब बदमाश को बुलावा, भाजपा का मतलब विकास और बदलावसपा के शासनकाल की याद दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तब देख सपाई बिटिया घबराई का नारा चलता था। बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और पर्व व त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे, महीनों कर्फ्यू लगा रहता था। सपा का मतलब बदमाश को बुलाना था जबकि भाजपा का मतलब बदलाव का सारथी बनना है। हमारी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बेटी के साथ छेड़खानी करने वाले और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए केवल दो ही जगह होंगी, या तो जेल या फिर जहन्नुम। पहले की सरकारों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था, जबकि हमने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन देकर उत्तर प्रदेश को उत्सव और प्रगति की धरती बना दिया है। अन्नदाता किसानों के लिए जल्द आएगा नया आर्थिक पैकेजमुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चक्रवात, असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी। पहले दिया गया मुआवजा नाकाफी है, इसलिए सभी जिला प्रशासनों को तत्काल सर्वे कर राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार किसानों के लिए जल्द ही एक नया पैकेज लेकर आएगी जिससे हर किसान के नुकसान की पूरी भरपाई सुनिश्चित की जा सके। चौरी चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी नेहरू ने नहीं, मालवीय जी ने की थीशहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियों का उल्लेख किया और कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हाय तौबा मचाते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बहुत बड़े अधिवक्ता थे, लेकिन 4 फरवरी 1922 की ऐतिहासिक चौरी चौरा घटना में जब अंग्रेजों ने 172 किसानों, श्रमिकों और व्यापारियों को फांसी की सजा सुनाई, तब नेहरू पैरवी करने नहीं आए थे। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों की मजबूत पैरवी कर 151 देशभक्तों को फांसी के फंदे से बचाया था। प्रधानमंत्री मोदी ने महामना मालवीय को भारत रत्न देकर उन क्रांतिकारियों और युवाओं का सम्मान किया है। मुख्यमंत्री ने अमर शहीद बाबू बंधु सिंह के बलिदान और मां तरकुलहा देवी की महिमा का भी स्मरण किया। शहीद स्मारक ओवरब्रिज से जाम से मुक्ति, किसी व्यापारी की दुकान नहीं टूटेगीमुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर बने नए ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले यहां घंटों जाम लगता था, लेकिन अब दो रेलवे ओवरब्रिज बनने से आवागमन सुगम हो गया है। इस मार्ग के निर्माण से अधिक पैसा मुआवजे में दिया गया है और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश हैं कि बाजार में किसी भी व्यापारी की दुकान तोड़े बिना सड़क का नक्शा बनाया जाए, क्योंकि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के लिए जमीन मिलने पर तत्काल बजट देने की भी घोषणा की, जहां एक ही छत के नीचे सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल लाइब्रेरी और सभी प्रमाण पत्रों की इंटीग्रेटेड सुविधा मिलेगी। विपक्ष के षड्यंत्रों से सावधान रहे जनता: कमलेश पासवान और संजय निषादसमारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि आरओबी बनने से 30 हजार लोगों का आवागमन सुगम होगा। देश और प्रदेश के विकास से घबराया विपक्ष सड़क पर उपद्रव कर रहा है, लेकिन सरकारें उपद्रव से नहीं बल्कि ईवीएम से बदलती हैं। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि योगी और मोदी ने प्रदेश से राजनीतिक लुटेरों को भगाने का काम किया है। पिछली सरकारों ने 67 साल में मछुआरों को एक रुपया नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने साढ़े 61 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं दी हैं और गोरखपुर में वर्ल्ड फिशरीज सेंटर खुल रहा है। चौरी चौरा के विधायक श्रवण कुमार निषाद ने क्षेत्र में साढ़े चार साल में 504
अनेकता में एकता है भारत की पहचान : डा दिनेश शर्मा

लोगों के बीच में एकता और देश के प्रति समर्पण है प्रगति का आधार अंडमान ने किया वीबी राम जी योजना में सबसे अधिक रोजगार सृजन श्री विजय पुरम अंडमान/ लखनऊ : अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल , डा दिनेश शर्मा ने द्वीप समूह के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि अनेकता में एकता भारत की पहचान है। भारत की संस्कृति जोडने की संस्कृति है तथा वही इस देश की आत्मा है। अंडमान आने वाले समय में देश की सुरक्षा और सम्पन्नता का द्वार बनने जा रहा है। पर्यटन के क्षेत्र में दुनिया के पटल पर अमिट पहचान बनाएगा।उपराज्यपाल ने द्वीप समूह के स्थापना दिवस पर टैगोर कॉलेज ,श्री विजय पुरम, अंडमान निकोबार में आयोजित भव्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा कि आज देश के 10 राज्यों जम्मू एवं कश्मीर, लद्दाख, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक, केरलम, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, पंजाब, तमिलनाडु आदि) केन्द्र शासित तथा अन्य प्रदेशों का स्थापना दिवस है जिसे देश के लोग मिलकर मना रहे हैं । देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एकता की अनुभूति कर रहा है। त्योहार के समय में जनजातीय समूह के मन में विकास की नई उमंग दिख रही है। लोग एक बार फिर से मिलकर विकसित भारत के स्वप्र को पूरा करने का संकल्प ले रहे हैं। जिस प्रकार से सुरो के संगम से शानदार संगीत बनता है उसी प्रकार अंडमान में अलग अलग धर्म के पर्वो को समय समय पर साथ में मनाने से जीवन में नई उमंग पैदा होती है।समारोह में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस को एक साथ मनाकर देश में एकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा , कर्नाटक , केरलम , मध्य प्रदेश, पंजाब , तमिलनाडु राज्य और दिल्ली , चंडीगढ़ , जम्मू कश्मीर, लद्दाख, लक्ष्यद्वीप , पुदुचेरी के मूल निवासियों ने जो अंडमान में आकर बसे हैं उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वहाँ की संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि भारत अलग अलग संस्कृतियों का समूह है । भारत माता को गंगा माता , गऊ माता और धरती माता का त्रिकोण बताते हुए कहा कि देश तीन प्रकार की संस्कृतियों का समागम है।अंडमान में भारत की सभी संस्कृतियों का वास है जिससे यहंा पर विविधता में एकता तथा लघु भारत के दर्शन होते हैं।डा शर्मा ने कहा कि भारत को आक्रान्ताओं ने लूटा जरूर पर वे यहाँ की संस्कृति साहित्य और परम्परा को नष्ट नहीं कर सके। जो भारत को लूटने आए थे वे बरबाद हो गए है। ब्रिटेन जिसने भरत पर राज किया वह कमजोर हुआ है और भारत सात प्रतिशत से भी अधिक की जीडीपी के साथ दुनिया की बडी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। भारत की इस तरक्की का कारण निवासियों के बीच में एकता , समन्वय और देश के प्रति समर्पण का भाव है।उनका कहना था कि अंडमान काला पानी नहीं बल्कि अब अमृत वाणी और अमृत पानी के लिए जाना जाएगा। यही इसकी सांस्कृतिक पहचान भी है। देश को आगे लेकर जाने का बडा अभियान चल रहा है। सेल्यूलर जेल में वीर सावरकर तथा अन्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को मिली यातनाओं को याद करते हुए कहा कि देश को आजादी उनके त्याग का परिणाम है। देश की स्वतंत्रता में तमाम ज्ञात अज्ञात सेनानियों का योगदान है। देश से अग्रेज तो चले गए पर मानसिकता यही रह गई। उसका दुष्प्रभाव देश में दिखाई देता है। देश के लोगों को अपनी भाषा एवं हिन्दी का अधिकतम प्रयोग करना चाहिए यही उनकी प्रगति का आधार है। ये भाषा का नहीं बल्कि मानसिकता का विरोध है। जब तक पाश्चात्य संस्कृति के प्रति लगाव रहेगा तब तक देश की प्रगति बाधित होती रहेगी। हर व्यक्ति को अपने देश एवं संास्कृतिक विरासत पर गौरव होना चाहिए। स्थापना दिवस अपने गौरव व परम्पराओं को याद करने का दिन है।उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल को गौरवशाली बताते हुए कहा कि इस समय में ही देश ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढाये हैं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का यज्ञ आरभ हो चुका है। इस कडी में अंडमान ने बडी उपलब्धि हासिल करते हुए वीबी-जी राम जी योजना के तहत रोजगार सृजन में देश में पहला स्थान हासिल किया है। द्वीप समूह के दो स्थान यूनेस्कों ने अपनी संभावित सूची में शामिल किया है। आज का भारत श्रेष्ठ भारत हो तथा दुनिया में इसका नाम हो इसके लिए काम किया जाए। अब अंडमान देश की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है। देश में द्वीप समूह के प्रति आकर्षण बढ रहा है। आने वाले समय में द्वीप समूह को सभी सुविधाओं से युक्त बनाने का काम तेजी से होगा जिससे यहां की दशा और दिशा में सकारात्मक बदलाव आए। डा शर्मा ने कहा कि आज का भारत नक्सलमुक्त है। जिसमें किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। ये नया भारत है जो डरता भी नहीं और डराता भी नहीं है। आज पाकिस्तान की गोली का जवाब गोले से दिया जाता है। पहले के समय में पाकिस्तानी हमले का जवाब शान्ति के प्रतीक कबूतर को उडाकर दिया जाता है। इस अवसर पर सांसद श्री विष्णुपद राय , सचिव कला संस्कृति श्रीमती ज्योति कुमारी , उपायुक्त अंडमान पूर्वा गर्ग , पुलिस अधीक्षक श्वेता के सुगथन, इतिहासकार डॉ रशीदा इकबाल, आई ए एस नीरज भारती , सतनाम सिंह, प्रवेश रंजन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में मथुरा कांग्रेस की भागीदारी

84 गाड़ियों के काफिले से दिल्ली पहुंचे 400 से 450 कार्यकर्ता, प्रदीप माथुर और यतीन्द्र मुकद्दम ने किया नेतृत्व मथुरा। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। महानगर कांग्रेस की ओर से 84 गाड़ियों का काफिला दिल्ली पहुंचा, जिसमें लगभग 400 से 450 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ महारैली में सहभागिता की। इस काफिले का नेतृत्व पूर्व सीएलपी लीडर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम ने किया। मथुरा-वृंदावन के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद और युवा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। महारैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया। पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने कहा कि रामलीला मैदान में जुटी भीड़ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना कांग्रेस का संकल्प है। मथुरा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण को प्रदर्शित करता है। कांग्रेस जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी। माथुर ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख लोगों ने महारैली में भागीदारी की। उन्होंने इसके लिए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, राजेंद्र पाल गौतम, मोना तिवारी, कुणाल चौधरी सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम ने कहा कि मथुरा-वृंदावन के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह, अनुशासन और एकजुटता के साथ महारैली में भाग लिया, वह संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने 84 गाड़ियों के माध्यम से लगभग साढ़े चार सौ कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने को संगठनात्मक एकजुटता का परिचायक बताया। उन्होंने महारैली में शामिल सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। मुकद्दम ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मथुरा-वृंदावन के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। महारैली में सोहन सिंह सिसौदिया, वृंदावन से तुलसी स्वामी, वीरेंद्र सिसौदिया, शशिकांत सारस्वत, गुड्डू कुरैशी, आनंद चतुर्वेदी, आदित्य पाठक, राहुल चतुर्वेदी, आशीष अरोड़ा, चक्रेश्वर चौधरी, संदीप चड्ढा, राम भरोसी चौधरी, श्याम चौधरी, महीपाल चौधरी, पार्षद दल के नेता धनंजय चौधरी, सिम्मी बेगम, राखी चौहान, शाहिद कुरैशी, राजू फारूखी, कृष्णा चतुर्वेदी, महेश गौतम, ललित चौहान और राम बाबू गुर्जर सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी ने महारैली में शामिल सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।