84 गाड़ियों के काफिले से दिल्ली पहुंचे 400 से 450 कार्यकर्ता, प्रदीप माथुर और यतीन्द्र मुकद्दम ने किया नेतृत्व
मथुरा। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। महानगर कांग्रेस की ओर से 84 गाड़ियों का काफिला दिल्ली पहुंचा, जिसमें लगभग 400 से 450 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ महारैली में सहभागिता की।
इस काफिले का नेतृत्व पूर्व सीएलपी लीडर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम ने किया। मथुरा-वृंदावन के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद और युवा कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। महारैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया।
पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने कहा कि रामलीला मैदान में जुटी भीड़ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना कांग्रेस का संकल्प है। मथुरा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण को प्रदर्शित करता है। कांग्रेस जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
माथुर ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगभग एक लाख लोगों ने महारैली में भागीदारी की। उन्होंने इसके लिए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, राजेंद्र पाल गौतम, मोना तिवारी, कुणाल चौधरी सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पंडित यतीन्द्र मुकद्दम ने कहा कि मथुरा-वृंदावन के कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह, अनुशासन और एकजुटता के साथ महारैली में भाग लिया, वह संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने 84 गाड़ियों के माध्यम से लगभग साढ़े चार सौ कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने को संगठनात्मक एकजुटता का परिचायक बताया। उन्होंने महारैली में शामिल सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
मुकद्दम ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मथुरा-वृंदावन के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
महारैली में सोहन सिंह सिसौदिया, वृंदावन से तुलसी स्वामी, वीरेंद्र सिसौदिया, शशिकांत सारस्वत, गुड्डू कुरैशी, आनंद चतुर्वेदी, आदित्य पाठक, राहुल चतुर्वेदी, आशीष अरोड़ा, चक्रेश्वर चौधरी, संदीप चड्ढा, राम भरोसी चौधरी, श्याम चौधरी, महीपाल चौधरी, पार्षद दल के नेता धनंजय चौधरी, सिम्मी बेगम, राखी चौहान, शाहिद कुरैशी, राजू फारूखी, कृष्णा चतुर्वेदी, महेश गौतम, ललित चौहान और राम बाबू गुर्जर सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी ने महारैली में शामिल सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।